मौत के मुंह से सुरक्षित निकला अमेरिकी पायलट, रेस्क्यू ऑपरेशन में US ने झोंकी ताकत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फोटो- पीटीआई
US Pilot Rescue From Iran: अमेरिका ने ईरान की पहाड़ियों से अपने दूसरे F-15E पायलट को सुरक्षित निकाल लिया है. 24 घंटे के ऑपरेशन में दर्जनों विमान शामिल थे. राष्ट्रपति ट्रंप ने रेस्क्यू की जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्रुथ सोशल पर दी. पिछले 23 सालों में यह पहली बार है जब किसी लड़ाई में अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया गया है.
US Pilot Rescue From Iran: अमेरिका ने ईरान की पहाड़ियों से अपने दूसरे पायलट को भी सुरक्षित निकाल लिया है. 24 घंटे के लगातार ऑपरेशन के बाद पायलट को खोज लिया गया. यह पायलट F-15E ईगल विमान के गिरने के बाद लापता हुआ था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी दी और अमेरिकी सेना की तारीफ की. ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी सेना ने दुनिया के सबसे घातक हथियारों से लैस कई विमान भेजे और पायलट को सुरक्षित वापस लाया. उन्हें चोटें आई हैं, लेकिन जल्द ही ठीक हो जाएंगे. इससे पहले शनिवार को विमान में सवार पहले पायलट को रेस्क्यू किया गया था.
रेस्क्यू ऑपरेशन कैसे किया गया
रविवार को ट्रंप ने बताया कि एफ-15E ईगल का पायलट शुक्रवार से लापता था. अमेरिकी सेना ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसमें दर्जनों विमान शामिल थे. अमेरिकी रेस्क्यू टीम को लापता पायलट की लोकेशन ईरान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद के दुर्गम पहाड़ी इलाके के पास से मिल रही थी. अमेरिकी सेना उस लोकेशन पर 24 घंटे नजर रख रही थी और साथी सैनिक सतर्कता से बचाव की योजना बना रहे थे. सटीक जानकारी मिलते ही सेना ने दूसरे पायलट को भी बचा लिया.
पायलट की तलाश में जुटा था ईरान, की थी इनाम की घोषणा
ईरान ने भी अमेरिकी पायलट को पकड़ने के लिए पूरी कोशिश की थी. ईरानी शासन ने लोगों से जानकारी देने की अपील की और मोटा इनाम देने का वादा किया था. ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) भी बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रहा था. स्थानीय गवर्नर ने कहा कि जो भी पायलट को पकड़ता है, उसे इनाम और सम्मान मिलेगा. यह F-15E विमान फरवरी के अंत में शुरू हुए संघर्ष के दौरान ईरानी क्षेत्र में गिरने वाला पहला अमेरिकी विमान था.
23 साल में पहली बार अमेरिकी विमान गिरा
दो सीटों वाले F-15E के दोनों क्रू मेंबर को बचा लिया गया है, लेकिन यह अमेरिका के लिए बड़ा झटका भी है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप कई बार कह चुके थे कि अमेरिका ने ईरान को ‘चकनाचूर’ कर दिया है और युद्ध जल्दी खत्म कर देगा. इसके बावजूद ईरान ने अमेरिकी विमान को गिरा दिया. न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, रिटायर्ड ब्रिगेडियर जनरल ह्यूस्टन कैंटवेल ने कहा कि पिछले 23 सालों में (2003 के इराक युद्ध के बाद) यह पहली बार है जब किसी लड़ाई में अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया गया.
युद्ध के दौरान गिर चुके हैं दो अमेरिकी विमान
F-15E फाइटर प्लेन 28 फरवरी को ईरान के साथ शुरू हुई जंग में गिरने वाला दूसरा अमेरिकी विमान था. इससे पहले ईरान ने अमेरिकी ए-10 अटैक एयरक्राफ्ट को भी गिराया था. इसके अलावा ईरान ने दावा किया है कि उसने शुक्रवार को दो अमेरिकी ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों को भी निशाना बनाया है. हालांकि किसी भी तरफ से इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकती है.
Also Read: ट्रंप के अल्टीमेटम का ईरान ने दिया उसी लहजे में जवाब, कहा- ‘बेतुका और बेवकूफी भरा बयान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




