Giridih News :अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान ठेलों से मिली शराब
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 04 Apr 2026 11:16 PM
Giridih News :शहरी क्षेत्र में शनिवार को नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान टीम कोर्ट परिसर के बाहर लगे दो ठेलों को हटाने पहुंची, तो जांच के दौरान ठेलों से देसी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
अचानक शराब बरामदगी से निगम के अधिकारी और कर्मचारी हैरान रह गये. मौके पर पहुंची पुलिस ने बरामद शराब जब्त कर नष्ट कर दिया. इस दौरान ठेला वाला फरार हो गया. शनिवार को नगर निगम की टीम ने गिरिडीह शहर के टावर चौक, बड़ा चौक और गिरिडीह कोर्ट रोड के आसपास के इलाकों में अतिक्रमण विरोधी अभियान संचालित किया. अभियान की अगुआई नगर निगम के सहायक उप नगर आयुक्त अशोक हंसदा ने की. इस दौरान नगर निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे. जांच के दौरान शराब बरामदगी के मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना नगर थाना की पुलिस और सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते को दी गयी.
सूचना पर पहुंचे एसडीएम
सूचना मिलने के बाद पुलिस बल और सदर एसडीएम मौके पर पहुंचे. प्रशासन की मौजूदगी में बरामद शराब को जब्त कर नियमानुसार मौके पर ही उसे नष्ट कर दिया गया. इस दौरान दोनों ठेला संचालक मौके से फरार हो गये. एसडीएम के निर्देश पर निगम की टीम ने दोनों ठेलों को जब्त कर लिया. सहायक नगर आयुक्त अशोक हंसदा ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से ठेला लगाना और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण विरोधी अभियान सख्ती से चलाया जाता रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










