Giridih News :एजुकेशनल हब के रूप में गिरिडीह की होगी पहचान : सुदिव्य कुमार

Published by :PRADEEP KUMAR
Published at :16 Apr 2026 10:20 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :एजुकेशनल हब के रूप में गिरिडीह की होगी पहचान : सुदिव्य कुमार

Giridih News :उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि हेमंत सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार और विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है. आज का दिन काफी ऐतिहासिक है. पचंबा के जरीडीह में 35 एकड़ भूमि पर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बनने जा रहा है. इसका व्यापक लाभ छात्र-छात्राओं को मिलेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यकाल में एजुकेशनल हब के रूप में गिरिडीह की पहचान होगी. उक्त बातें उन्होंने पचंबा के जरीडीह में 192.27 करोड़ की लागत से बनने वाले राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कही.

विज्ञापन

इससे पहले मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू व गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने संयुक्त रूप से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास किया. मंत्री श्री सोनू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में गिरिडीह को कई सौगात दिये हैं. यहां के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा हेतु सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी सहित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, लॉ कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्वीकृति मिली है. सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी कैंपस में ही उच्च शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होगी. झारखंड कैबिनेट से गिरिडीह जिला को मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिली है. मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में गिरिडीह को अग्रणी स्थान दिया है. कहा कि शिक्षा काफी महत्वपूर्ण है. शिक्षा के बल पर आप अपने परिवार और समाज को कुछ दे सकते हैं. यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है. उक्त योजनाएं धरातल पर उतरने के बाद यहां के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेगी. शिक्षा के क्षेत्र में गिरिडीह आधुनिक, सशक्त व सबल बनेगा. कहा कि यहां की जनता ने विपरीत परिस्थितियों में उनका मनोबल बढ़ाया है. इसलिए महत्वपूर्ण योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही है. बॉक्स

शिबू सोरेन की कर्मभूमि में लगाया जा रहा है शिक्षा रूपी पौधा : कल्पना सोरेन

बेहतर शिक्षा प्रदान करा गरीब बच्चों का भविष्य संवार रही है हेमंत सरकार

गिरिडीह. शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार गरीब व आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करा उनके भविष्य को संवारने व निखारने का काम कर रही है. इसको ध्यान में रखकर यहां राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बनने जा रहा है. गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा प्रदान कर डॉक्टर, इंजीनियर व अधिकारी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं क्रियान्वित हैं, जिसका लाभ गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग के बच्चों को प्राप्त हो रहा है. सरकार अपने खर्च पर मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए विदेश भेज रही है. सौ से अधिक बच्चे विदेशों में उच्च शिक्षा की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं. हेमंत सरकार की इन योजनाओं का अनुशरण दूसरे राज्यों की सरकारें भी कर रही है. राज्य में 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में सीबीएसइ की तर्ज पर पढ़ाई हो रही है. राज्य सरकार ईमानदारी से शिक्षा विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री के हाथों में मजबूत बागडोर सौंपने का प्रतिफल है कि तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं. कहा कि शिक्षा काफी जरूरी है. शिक्षा के बल पर ही आप अपने हक-अधिकार की लड़ाई लड़ सकते हैं. राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के संदर्भ में कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की कर्मभूमि में शिक्षा रूपी पौधा लगाया जा रहा है. इसका व्यापक लाभ यहां के विद्यार्थियों को मिलेगा. यहां के युवा वर्ग ने उच्च शिक्षा इसी जिले में प्राप्त करने का जो सपना देखा था, वह अब साकार होने जा रहा है. बड़े-बड़े शैक्षणिक भवनों में बच्चों के बड़े-बड़े सपने साकार होंगे. सर जेबी बोस यूनिवर्सिटी बनने जा रही है, जहां एक छत के कई विषयों की शिक्षा मिलेगी. उन्होंने युवा वर्ग से कहा कि उन्हें अपने सपनों के उड़ान को आगे बढ़ाते जाना है.

ये थे मौजूद : इस मौके पर डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार तथा विधायक कल्पना सोरेन के सामूहिक प्रयासों, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज गिरिडीह में इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास संभव हो पाया है. उन्होंने इस पहल को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शिक्षा के बढ़ते महत्व का प्रतीक बताया. मौके पर एसपी डॉ बिमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, एसी बिजय सिंह बिरूआ, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक, सीओ जीतेंद्र प्रसाद, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, पूर्व विधायक केदार हाजरा, निरंजन राय कंस्ट्रक्शन प्रालि के संवेदक निरंजन राय, राकेश सिंह रॉकी, अनिल गुप्ता, नूर अहमद, राकेश रंजन समेत अन्य मौजूद थे.

संसाधनयुक्त होगा कॉलेज : पचंबा के जरीडीह में 35 एकड़ भूमि पर संसाधनयुक्त राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज होगा. इस योजना का क्रियान्वयन झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जायेगा. कार्य की पूर्ण करने की अवधि कार्यानुमति की तिथि से 24 माह में होगी. कार्य पूरा करने के बाद एक माह के अंदर हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. यहां क्लासरूम के साथ लैब, वर्कशॉप व खास इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रावधान किया गया है. साथ ही एक अलग प्रशासनिक व ऑडिटोरियम ब्लॉक, वर्कशॉप, इंडोर स्टेडियम, छात्रा-छात्राओं के लिए हॉस्टल, कैंटिन व मेस, टीचिंग व नन टीचिंग स्टॉफ क्वार्टर, प्रिंसिपल आवास समेत अन्य सुविधाएं होगीं.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola