Giridih News :आत्मचिंतन करें और संयमपूर्ण जीवन अपनायें : प्रमाण सागर
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 16 Apr 2026 12:04 AM
Giridih News :श्री सम्मेद शिखरजी तीर्थराज में बुधवार को श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच गुणायतन प्रणेता परम पूज्य मुनि श्री 108 प्रमाण सागर महाराज व मुनि श्री 108 संधान सागर महाराज ससंघ का मंगल आगमन हुआ. इस अवसर पर गुणायतन व श्री सेवायतन परिवार के संयुक्त तत्वाधान में विशाल शोभायात्रा निकाली गयी.
इससे पूरा क्षेत्र का माहौल आध्यात्मिक हो गया. बुधवार की सुबह 7:30 बजे मधुबन मोड़ से मुनिद्वय के साथ यात्रा शुरू हुई. यात्रा लगभग चार किमी दूरी तय करते हुए 9:30 बजे गुणायतन परिसर पहुंची. यात्रा के दौरान रास्ते में श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ मुनि संघ का पाद प्रक्षालन कर मंगल आरती उतारी और भाव से स्वागत किया. जगह-जगह पुष्पवर्षा और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. मौके पर आचार्य श्री ज्ञेय सागर जी महाराज, आचार्य श्री 108 संभव सागर महाराज, आर्यिका चैतन्यमति माताजी, आर्यिका शुभमति माताजी सहित अनेक संत-साध्वी की उपस्थिति रही.
यात्रा में शामिल हुए अन्य राज्यों के श्रद्धालु
शोभायात्रा में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री प्रमाण सागर महाराज ने कहा कि संतों का आगमन मनुष्य के जीवन में अपार शांति और प्रसन्नता का संचार करता है. उन्होंने गुणायतन को आत्मा से परमात्मा की यात्रा का पावन केंद्र बताते हुए कहा कि यहां श्रद्धा, साधना और संवेदना के साथ धर्म, दर्शन और विज्ञान का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है. उन्होंने श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन और संयमपूर्ण जीवन अपनाने का संदेश दिया. गुणायतन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन विद्यावाणी ने बताया कि इस आयोजन में देशभर से संस्था के पदाधिकारी, संरक्षक व ट्रस्टीगण उपस्थित रहे. संचालन बाल ब्रह्मचारी अशोक भैया लिधोरा व अभय भैया ने किया. इस दौरान मुनि संघ के आहार-विहार में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गयी.18 अप्रैल को होगा दीक्षा समारोह
18 अप्रैल की सुबह 10 बजे क्षुल्लक श्री समादर सागर महाराज, बाल ब्रह्मचारी रुपेश भैया व सारांश भैया की जैनेश्वरी दीक्षा का भव्य आयोजन किया जायेगा. इस पंच दिवसीय महा महोत्सव में देशभर से श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होगा अनुभव केंद्र
गुणायतन परिसर में निर्माणाधीन अनुभव केंद्र भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा. इस केंद्र में आधुनिक तकनीकों एनिमेशन, होलोग्राम, नाइन डी स्क्रीन और 270 डिग्री प्रोजेक्शन के माध्यम से धर्म को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जायेगा. यहां आत्मा की यात्रा से लेकर मोक्ष तक की झांकियों को अत्याधुनिक तरीके से दर्शाया जायेगा, जिससे नयी पीढ़ी को धर्म के प्रति प्रेरणा मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










