Giridih News :20 घंटे के बाद बनियाडीह क्षेत्र में बहाल हुई बिजली, लोगों को राहत

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 20 Apr 2026 10:36 PM

विज्ञापन

Giridih News :सीसीएल गिरिडीह कोलियरी अंतर्गत बनियाडीह इलाके में लगभग 20 घंटे के बाद सोमवार के पूर्वाह्न 11.30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई. विद्युतापूर्ति शुरू होने पर लोगों को राहत मिली है.

विज्ञापन

गिरिडीह कोलियरी के महाप्रबंधक गिरिश कुमार राठौर व परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा के निर्देश पर सीसीएल विद्युत विभाग की टीम ने अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था के बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गयी. सबसे पहले बनियाडीह स्थित जीएम कार्यालय में बिजली आपूर्ति की गयी. इसके बाद लगभग दो बजे कॉलोनी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की गयी. इससे बच्चों व महिलाओं को काफी राहत मिली. आज सुबह विद्युत सब स्टेशन में फोरमैन इंचार्ज दिलीप पासवान, धनेश्वर मांझी, मो हसन, सुखदेव राय, विजय मोहली, किशोरी दास, मो मुमताज, रुस्तम अली, सहदेव, जितेंद्र राय समेत अन्य लोग विद्युतापूर्ति कार्य में जुटे हुए थे. क्रेन ऑपरेटर अशोक दास के सहयोग से ट्रांसफॉर्मर लगवाने के बाद जांच की गयी. जांच के बाद बिजली सेवा शुरू की गयी.

गर्मी के साथ ट्रांसफॉर्मर पर बढ़ गया लोड

विद्युत विभाग के कर्मियों का कहना है कि गर्मी में ट्रांसफॉर्मर पर लोड बढ़ गया है. कई घरों में हीटर का प्रयोग हो रहा है. गर्मी में ट्रांसफॉर्मर को बचाकर चलाने की जरूरत है. बताया गया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए सुबह और शाम को लोड शेडिंग की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है. चूंकि, 750 केवीए के जिस ट्रांसफॉर्मर को अभी लगाया गया है, उससे वोल्टेज की कमी रहने की संभावना है. ऐसी स्थिति में हर किसी का दायित्व है कि वह अनावश्यक रूप से बिजली का प्रयोग नहीं करें.

पानी की आपूर्ति नहीं होने से परेशानी

गर्मी में बनियाडीह, ऑफिसर्स कॉलोनी, बी टाइप कॉलोनी, अपर बनियाडीह, गांधीनगर समेत अन्य इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी हुई. बताया जाता है कि जोगटियाबाद चानक से उक्त इलाके में पानी की आपूर्ति की जाती है. सोमवार को पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को दिक्कती हुई. भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने सीसीएल प्रबंधन से व्यवस्थित रूप से जलापूर्ति करवाने की मांग की है.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola