Gridih News : शिक्षकों के तबादले से बच्चों में नाराजगी, अनुपस्थिति बढ़ी
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 11 Apr 2026 1:03 AM
Gridih News : मामला धनवार प्रखंड के उमवि जेरूवाडीह का
Gridih News : प्रतिनिधि, राजधनवार. धनवार प्रखंड अंतर्गत अंबाटांड़ पंचायत के जेरूवाडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षकों के तबादले किये जाने से स्कूल में बच्चों की अनुपस्थिति बढ़ी है. बताया जाता है कि शिक्षकों के तबादले से बच्चे नाराज हैं और तीन दिनों से स्कूल नहीं जा रहे हैं. ऐसे में विद्यालय में पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में स्कूल में तीन शिक्षक पदस्थापित हैं, जिनमें से एक शिक्षक का प्रतिनियोजन तीन दिन पहले ही किया गया है. ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले स्कूल में शिक्षक शंकर, गोपाल और रामप्रसाद कार्यरत थे, जिनके कार्यकाल में विद्यालय में अच्छी पढ़ाई हो रही थी और बच्चों में अनुशासन भी बेहतर था. विभाग ने इन शिक्षकों का तबादला कर दिया और उनकी जगह दो नये शिक्षकों की पदस्थापना कर दी, जबकि एक शिक्षक का डिप्टेशन किया गया है. ग्रामीण दिवाकर सिंह, रामप्रसाद सिंह, अंकित राउत, प्रिंस राउत, राहुल राउत, किरण देवी, सुशील सिंह, किशोर सिंह, मदन सिंह, विरंची सिंह, तोड़ी राउत, संगीता देवी, अनिता देवी आदि ने बताया कि पूर्व में कार्यरत शिक्षक काफी लगनशील और मेहनती थे तथा बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते थे. उनके प्रयास से स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ रहा था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद स्थिति पूरी तरह खराब हो गयी है. छात्रा शिवानी, अंकु, छोटी, कृति, नेहा, दिव्या, लाली, रानी आदि सहित कई छात्रों ने बताया कि पुराने शिक्षकों के जाने के बाद पढ़ाई-लिखाई पूरी तरह ठप हो गयी है. छात्रों ने साफ कहा कि जब तक पूर्व के शिक्षकों की पुनः वापसी नहीं होती है, वे स्कूल नहीं जायेंगे. ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि पूर्व के शिक्षकों को पुनः उसी विद्यालय में पदस्थापित किया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










