Giridih News : सीसीएल गिरिडीह में छह लाख टन लक्ष्य के विरुद्ध 5.99 लाख टन हुआ उत्पादन

Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 01 Apr 2026 12:27 AM

विज्ञापन

Giridih News : वित्तीय वर्ष 2025-26 में 5,99,263 टन कोयला उत्पादन एवं 5,99,506 टन डिस्पैच

विज्ञापन

Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह.

सीसीएल की गिरिडीह एरिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्पादन लक्ष्य छह लाख टन के विरुद्ध पांच लाख 99 हजार 263 टन कोयले का उत्पादन किया है. वहीं पांच लाख 99 हजार 506 टन कोयला डिस्पैच किया है. उत्पादन लक्ष्य सिर्फ कबरीबाद माइंस से हासिल हुआ है. बेहतर तरीके से उत्पादन और डिस्पैच करने पर सीसीएल प्रबंधन सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खुशी व्यक्त की है. मंगलवार को सीसीएल रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में गिरिडीह एरिया के महाप्रबंधक गिरिश कुमार राठौर ने यह जानकारी दी.

राज्य सरकार को सौंपा 50 करोड़ का राजस्व :

जीएम ने बताया कि रेल डिस्पैच से पांच लाख आठ हजार 892 टन कोयला डिस्पैच किया गया है, वहीं रोड सेल के माध्यम से 90 हजार 613 टन कोयला डिस्पैच हुआ. इस बार 139 रेल रैक से कोयला सप्लाई किया गया है. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में गिरिडीह कोलियरी 65 करोड़ रु घाटे में चल रही थी. इस वित्तीय वर्ष में यह 60 करोड़ पर आ गया है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में सीसीएल गिरिडीह ने राज्य सरकार को 50 करोड़ रु राजस्व का भुगतान किया गया है.

वित्तीय वर्ष 2026-27 में 13 लाख टन उत्पादन का होगा प्रयास :

श्री राठौर ने बताया कि कबरीबाद एवं ओपनकास्ट माइंस दोनों को मिलाकर सालाना 13 लाख टन कोयला उत्पादन का इसी (एनवायमेंटल क्लियरेंस) मिला हुआ है. ऐसे में वित्तीय वर्ष 2026-27 में दोनों माइंस मिलाकर इतने उत्पादन का प्रयास होगा. वैसे कबरीबाद माइंस को पांच लाख टन एवं गिरिडीह ओसीपी को एक लाख टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य मिला है. कहा कि 13 लाख टन उत्पादन करने पर यह प्रक्षेत्र 10-15 करोड़ मुनाफा में आ जायेगा. उन्होंने कहा कि गिरिडीह ओसीपी चालू करने की निविदा पूरी हो चुकी है. कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी जामनगर को अप्रैल से कार्य शुरू करना है. इस खदान के चालू होने से क्षेत्र में उत्पादन और प्रेषण दोगुना हो जायेगा. श्री राठौर ने बताया कि सेंट्रलपिट साइडिंग से गिरिडीह रेलवे स्टेशन के बीच की रेल लाइन को 3.65 करोड़ रु में मरम्मत का कार्य रेलवे की मदद से पूरा किया जा रहा है. अब यह रेलवे लाइन सभी मौसम में कोयला प्रेषण के लिए तैयार रहेगा.

आठ सौ करोड़ में लगेगा 100-150 मेगावाट सोलर प्लांट :

महाप्रबंधक श्री राठौर ने कहा कि झारखंड के सबसे बड़े सोलर प्लांट के लिए भूमि चिह्नित करके 100-150 मेगावाट सोलर प्लांट लगाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट सीएमपीडीआई बना रही है. अगले वर्ष से काम शुरू होने की संभावना है. इसमें लगभग 800 करोड़ रु खर्च होने का अनुमान है. उन्होंने बताया कि जोगटियाबाद में 29 करोड़ की लागत से लगे चार मेगावाट सोलर प्लांट अब अपनी पूरी क्षमता से कार्य कर रहा है.

सीएसआर के क्षेत्र में किये गये कई कार्य :

श्री राठौर ने बताया कि गिरिडीह क्षेत्र ने दो सौ हेक्टेयर भूमि में लगभग पांच लाख पौधे लगाने का कार्य वन विभाग के सहयोग से चार करोड़ रु से किया है. सीएसआर के तहत सावन में एक लाख से अधिक कांवरियों को नि:शुल्क दवा के साथ उपचार का कार्य देवघर में किया गया.

पर्यावरणीय कार्य प्रस्तावित :

जीएम ने बताया कि कोयला रिजर्व रिपोर्ट के मुताबिक आगामी चार वर्षों तक दोनों खदानों से कोयला उत्पादन होगा. क्षेत्र में खदानों के सुरक्षित बंद होने की प्रक्रिया में बहुत से पर्यावरणीय कार्य प्रस्तावित है. इस कार्य के लिए डीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गयी है.

उत्पादन और प्रेषण को दोगुना करने को प्रतिबद्ध :

महाप्रबंधक श्री राठौर ने कहा कि सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र उत्पादन और प्रेषण को दोगुना करने को प्रतिबद्ध है. वर्ष 2025-26 में उत्पादन और प्रेषण लक्ष्य की पूर्ति में सीसीएल के सभी कामगार व श्रमिक बधाई के पात्र हैं. विधायक-सांसद, सभी श्रमिक संगठनों जनप्रतिनिधियों की सराहना की है. कहा कि कंपनी के मुखिया एनके सिंह और निदेशकों के सहयोग से यह संभव हो पाया. उन्होंने कहा कि गिरिडीह के डीसी एवं एसपी का हर पल सहयोग मिला है,

ये थे मौजूद :

प्रेस वार्ता में परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा, उप कार्मिक प्रबंधक सुप्रिया भारती, एएफएम संजय कुमार साव, अनिल कुमार पासवान, माइंस मैनेजर आरपी यादव, राजीव पटेल, रमेश कुशवाहा, सरोज प्रसाद, ऋषिकेश महापात्रा, ट्रेड यूनियन नेता तेजलाल मंडल, प्रमोद सिंह, शिवनाथ साव, राजेश यादव, शिवाजी सिंह, अशोक दास, नारायण दास, सुबोध सिंह आदि मौजूद थे.

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola