Giridih News :गर्मी से निबटने के लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर करें काम : डीसी

Published by :PRADEEP KUMAR
Published at :22 Apr 2026 10:34 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :गर्मी से निबटने के लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर करें काम : डीसी

Giridih News :गिरिडीह जिले में लगातार बढ़ते तापमान व लू की स्थिति को देखते हुए डीसी सह जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के अध्यक्ष रामनिवास यादव की अध्यक्षता में बुधवार को समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य व सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई निर्देश दिये गये.

विज्ञापन

डीसी ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियां जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है. ऐसे में सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता व समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि किसी भी प्रकार की आपदा या असुविधा से समय रहते निपटा जा सके. डीसी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी केवल असुविधा ही नहीं, बल्कि एक संभावित आपदा का रूप ले सकती है. ऐसे में सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी संवेदनशीलता, तत्परता व समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. डीसी ने पेयजल व स्वच्छता विभाग को निर्देश दिया कि जिले में सभी खराब चापाकल की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित की जाये. ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. निजी व सरकारी जल टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उनके संचालन की जानकारी, जल स्रोतों की सूची, संबंधित फोन नंबर एवं स्थान की जानकारी आम जनता के लिए उपलब्ध करायी जाये. विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति सुचारू रखने की बात कही. साथ ही ओवरलोडिंग व ट्रांसफॉर्मर से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान की जाये.

किसानों के लिए तैयार करें माइक्रो प्लान

कृषि विभाग को किसानों को उपयुक्त फसल चयन के लिए सलाह देने पर जोर दिया. कहा कि इसके लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार करें, जिसमें ऐसी फसलों की जानकारी हो जो कम पानी में भी अच्छी पैदावार दे सकें. डीसी ने आपूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि आपदा राहत कोष के तहत प्रत्येक पंचायत को उपलब्ध करायी गई राशि का समुचित व पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाये.

कंट्रोल रूम किये जायेंगे सक्रिय

गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिले में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) सक्रिय किये जायेंगे. डीसी ने कहा कि इस भीषण गर्मी में केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी प्रभावित हो रहे हैं. इसलिए उनके लिए भी स्वच्छ एवं ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि जिले के सभी सीएचसी एवं पीएचसी में आवश्यक दवाइयों, विशेष रूप से ओआरएस, जीवन रक्षक दवायें एवं अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें. अत्यधिक गर्मी को देखते हुए डीसी अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.

शिक्षा विभाग के लिए विशेष निर्देश

भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी विद्यालय, चाहे वे सरकारी हों या निजी, केजी से लेकर कक्षा आठ तक व उच्च विद्यालयों का संचालन सरकार के निर्देशानुसार किया जाये. आंगनबाड़ी केंद्र भी सुबह सात बजे से 11 बजे तक संचालित किये जायेंगे. शेष प्रशासनिक व अन्य कार्य नियमित समयानुसार किए जायेंगे. बैठक में महापौर प्रमिला मेहरा, एसपी डॉ बिमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरूआ, सिविल सर्जन डॉ बच्चा सिंह, उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola