Giridih News : आपसी विवाद में दोस्त को मार दी थी गोली

Updated at : 25 Mar 2026 12:17 AM (IST)
विज्ञापन
Giridih News : आपसी विवाद में दोस्त को मार दी थी गोली

Giridih News : चार घंटे के भीतर पुलिस ने गोलीकांड का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

विज्ञापन

Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा में सोमवार की देर शाम हुए गोलीकांड मामले का गिरिडीह पुलिस ने महज़ चार घंटे के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस घटना में शामिल एक आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जामबाद निवासी जागेश्वर मरीक उर्फ छोटका को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया.. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, एक 7.65 एमएम बोर की जिंदा गोली तथा एक खोखा बरामद किया है. मंगलवार को इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए डॉ बिमल कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जामबाद निवासी टिंकू मरीक उर्फ चौहान को गोली लगी थी. घटना के बाद घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल गिरिडीह लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय सूचना तंत्र के आधार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

नशे में मजाक से शुरू हुआ था विवाद, घायल टिंकू ने ही लाया था पिस्टल :

अब तक की जांच के अनुसार गोली लगने से घायल टिंकू मरीक उर्फ चौहान और गिरफ्तार आरोपी जागेश्वर मरीक उर्फ छोटका आपस में पुराने दोस्त हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के दिन जागेश्वर मरीक पहले से ही गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में मेरुलाल हांसदा के घर पर शराब पीने के लिए पहुंचा था. इसी दौरान उसने अपने दोस्त टिंकू मरीक को फोन कर वहां बुलाया. टिंकू के पहुंचने के बाद दोनों ने साथ बैठकर जमकर शराब पी. सूत्र बताते हैं कि जब दोनों शराब के नशे में धुत हो गये, तभी बातचीत के दौरान विवाद शुरू हुआ. नशे की हालत में टिंकू ने जागेश्वर से मुर्गा खिलाने की बात कही और मजाकिया लहजे में धमकी दी कि यदि मुर्गा नहीं खिलाया तो गोली मार देगा. इसी दौरान टिंकू ने अपने पास मौजूद पिस्टल निकालकर जागेश्वर को दिखाने की कोशिश की. इसी क्रम में जागेश्वर ने टिंकू के हाथ से पिस्टल छीन ली और उसी पिस्टल से टिंकू पर फायर कर दिया. गोली सीधे टिंकू के पेट में जा लगी. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जागेश्वर मरीक और घायल टिंकू मरीक के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था.

एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम का किया गया था गठन :

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. इस टीम में एसडीपीओ के अलावा गांडेय इंस्पेक्टर कमाल खान, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, आहलियापुर थाना प्रभारी गुलाम गौस, ताराटांड थाना प्रभारी सुशांत चिरंजीवी, एसआइ मणिलाल सिंह, एसआई विवेक कुमार माथुरी तथा एसआई बुद्धेश्वर उराओं को शामिल किया गया. जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले आरोपी जागेश्वर मरीक के घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया. इसके बाद कड़ाई से पूछताछ किये जाने पर आरोपी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी. पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी ने हथियार को मिट्टी के नीचे गड्ढा खोदकर दबा दिया था. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गड्ढे की खुदाई कर पिस्टल को बरामद किया.

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola