पिकअप वैन व ऑटो में टक्कर, चार की मौत

Updated at :17 May 2017 8:39 AM
विज्ञापन
पिकअप वैन व ऑटो में टक्कर, चार की मौत

बेंगाबाद : बेंगाबाद-चतरो मुख्य पथ पर असगंधो जंगल के पास मंगलवार सुबह 5.50 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी. एक की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. मृतकों में ऑटो सवार जमुआ प्रखंड स्थित नवडीहा ओपी के कुरकुरी पहाड़ी निवासी अजय कुमार वर्मा(35), लेदवाराडीह के द्वारिका पंडित (55), उखरसाल […]

विज्ञापन
बेंगाबाद : बेंगाबाद-चतरो मुख्य पथ पर असगंधो जंगल के पास मंगलवार सुबह 5.50 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी. एक की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.
मृतकों में ऑटो सवार जमुआ प्रखंड स्थित नवडीहा ओपी के कुरकुरी पहाड़ी निवासी अजय कुमार वर्मा(35), लेदवाराडीह के द्वारिका पंडित (55), उखरसाल निवासी लालू साह(30 ) तथा सिरसिया निवासी उमेश कुमार राय (28 वर्ष) शामिल हैं, वहीं ढाकीटांड़ निवासी बासुदेव दास की हालत गंभीर है.
बताया जाता है कि दूसरे प्रदेश से मजदूरी कर लौट रहे चार लोग एक ऑटो से गिरिडीह से बेंगाबाद -चतरो पथ होकर अपने घर जा रहे थे. असगंधो जंगल के पास विपरीत दिशा से मांस लेकर आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वैन की ऑटो से सीधी टक्कर हो गयी. इससे ऑटो सवार अजय वर्मा, द्वारिका पंडित की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, वहीं गंभीर रूप से घायल लालू साह, बासुदेव दास और ऑटो चालक उमेश कुमार राय को सदर अस्पताल ले जाया गया.
सदर अस्पताल पहुंचने से पहले लालू ने दम तोड़ दिया, जबकि उमेश की मौत इलाज के क्रम में हो गयी. घायल बासुदेव दास को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.
ऑटो का बिखरा पुर्जा-पुर्जा
पिकअप वैन-ऑटो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का पुर्जा-पुर्जा बिखर गया. घटना में मौके पर ही मृत द्वारिका पंडित का शरीर भी क्षत-विक्षत हो गया था. द्वारिका का पैर कट कर अलग हो गया तथा सिर का आधा हिस्सा भी फट कर बिखर गया.
मुआवजा के आश्वासन पर सड़क से हटे लोग
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद बीडीओ मो. असलम, सीओ शंभु राम, थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह, एएसआइ जेपीएन सिनहा, बीके सिंह, शमशेर आलम, मुखिया महेंद्र प्रसाद वर्मा, मुन्ना प्रसाद सिंह, सुभाष राणा घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुट गये.
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. पिकअप वैन का चालक व खलासी मौके से फरार हाेने में सफल रहा. घटना के बाद काफी संख्या में आसपास के लोग भी जुट गये और सुबह 6.30 बजे से बेंगाबाद-चतरो रोड को जाम कर दिया. बाद में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम हटाया. मुआवजा का आश्वासन मिलने पर लोग चार घंटे बाद सुबह साढ़े दस बजे सड़क से हटे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola