गुणवत्तापूर्ण शौचालय के लिए गिरिडीह को मिला सम्मान

Updated at :06 May 2017 8:57 AM
विज्ञापन
गुणवत्तापूर्ण शौचालय के लिए गिरिडीह को मिला सम्मान

स्वच्छता सर्वेक्षण में सूबे में तीसरा स्थान पाने के बाद गिरिडीह के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गयी है. स्वच्छ भारत मिशन के तहत गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण के लिए जिला के उपायुक्त उमाशंकर सिंह को सम्मान मिला है. राकेश सिन्हा गिरिडीह : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्वच्छ भारत मिशन की ओर से शुक्रवार को रांची […]

विज्ञापन
स्वच्छता सर्वेक्षण में सूबे में तीसरा स्थान पाने के बाद गिरिडीह के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गयी है. स्वच्छ भारत मिशन के तहत गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण के लिए जिला के उपायुक्त उमाशंकर सिंह को सम्मान मिला है.
राकेश सिन्हा
गिरिडीह : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्वच्छ भारत मिशन की ओर से शुक्रवार को रांची में आयोजित समारोह में गिरिडीह के डीसी उमाशंकर सिंह को सम्मानित किया. यह सम्मान उन्हें गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण के लिए मिला है. समारोह में राज्य के कई जिलों ने अपना-अपना प्रजेंटेशन दिया. गिरिडीह की ओर से डीसी उमाशंकर सिंह के प्रजेंटेशन पर राज्यों से आये प्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया. लोगों ने यह भी जानने का प्रयास किया कि सुदूरवर्ती व नक्सल प्रभावित इलाके में गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण किन परिस्थितियों में कराया गया.
श्री सिंह ने बताया कि क्वालिटी नियंत्रण के लिये कई कदम उठाये गये थे. स्वयं सहायता समूह और उपयोगिता प्रमाण पत्र के साथ दो फोटो लगाने के प्रावधान से गुणवत्ता नियंत्रण में काफी सफलता मिली. बता दें कि गिरिडीह जिले में कुल 358 पंचायतों में से 63 पंचायतों को ओडीएफ घोषित किया जा चुका है. ओडीएफ की घोषणा भी त्रि-स्तरीय जांच के बाद ही की जाती है.
शौचालय निर्माण में गिरिडीह अव्वल : स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराये गये शौचालय निर्माण में गुणवत्ता के साथ-साथ संख्या में भी गिरिडीह जिला राज्य में सबसे आगे है. स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत से अब तक सबसे ज्यादा व्यक्तिगत शौचालय गिरिडीह में बने हैं. वित्तीय वर्ष 2016-17 की समाप्ति पर जो आंकडे पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय की अधिकारिक वेबसाइट पर जारी किये किये गये हैं, उससे साफ है कि वित्तीय वर्ष 2016-17 में गिरिडीह जिला में लक्ष्य से ज्यादा व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण कराया है. वित्तीय वर्ष 2016-17 में गिरिडीह जिले को 41,255 व्यक्तिगत शौचालय निर्माण का लक्ष्य दिया गया था.
इसकी तुलना में 54,119 शौचालयों का निर्माण कराया गया. पिछले तीन वित्तीय वर्ष यानि जब से स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण शुरू किया गया तब से अब तक गिरिडीह जिले में 83,520 शौचालय का निर्माण कराया गया,जो झारखंड के जिलों में सर्वाधिक है. दूसरे नंबर पर हजारीबाग जिला में 80512, रामगढ जिला में 75670, रांची जिला में 74814 और चाईबासा जिला में 73326 व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण कराया गया है.
..और बेहतर काम करना है : उपायुक्त
डीसी उमाशंकर सिंह ने सम्मान मिलने के बाद प्रभात खबर से बातचीत में कहा कि यह सम्मान निश्चित रुप से बेहतर काम के लिये प्रेरित करता है. जिले में और बेहतर काम करना है.गिरिडीह जिले को यह सम्मान आम जनों के सराहनीय प्रयास, जनप्रतिनिधियों व यूनिसेफ की टीम के सहयोग से ही मिला है. इसके लिये सभी धन्यवाद के पात्र हैं.स्वच्छ भारत मिशन से गांव-गांव में जागृति आयी है. शौचालय के निर्माण से जहां महिलाओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार में कमी आयेगी, वहीं दूसरी ओर बीमारी पर भी काफी हद तक अंकुश लग पायेगा और लोग सम्मान के साथ समाज में रह पाएंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola