गोमिया से रांची तक माहौल बिगाड़ने की हुई कोशिश

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 12 Apr 2017 8:29 AM

विज्ञापन

साड़म में समुदाय िवशेष के लोगों ने निकाला उग्र जुलूस एक जगह पुलिस पर पथराव, जवाब में लाठी चार्ज, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, स्थिति नियंत्रण में भगदड़ में बेरमो एसडीपीओ का हाथ फ्रैक्चर, कई लोगों को लिया गया हिरासत में गोमिया : गोमिया प्रखंड अंतर्गत साड़म के सौदागर मोहल्ला में मंगलवार को प्रतिबंधित मांस […]

विज्ञापन
साड़म में समुदाय िवशेष के लोगों ने निकाला उग्र जुलूस
एक जगह पुलिस पर पथराव, जवाब में लाठी चार्ज, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, स्थिति नियंत्रण में
भगदड़ में बेरमो एसडीपीओ का हाथ फ्रैक्चर, कई लोगों को लिया गया हिरासत में
गोमिया : गोमिया प्रखंड अंतर्गत साड़म के सौदागर मोहल्ला में मंगलवार को प्रतिबंधित मांस फेंके जाने के बाद क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया. एक समुदाय के लोगों द्वारा विरोध में जुलूस निकाला गया और देखते-देखते लोग उग्र होने लगे. बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी कुलदीप चौधरी, डीएसपी राजकुमार मेहता सहित बेरमो अनुमंडल के कई थानों की पुलिस पहुंची और जुलूस को खदेड़ दिया. पूरे क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी किया गया. इंस्पेक्टर अनूप केरकेट्टा, गोमिया थाना प्रभारी अनिल शर्मा, आइइएल थाना प्रभारी अनिल उरांव, पेटरवार थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, तेनुघाट ओपी प्रभारी, कथारा ओपी प्रभारी, गांधी नगर थाना प्रभारी उपस्थित थे. गोमिया के पूर्व विधायक माधवलाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझा कर स्थिति को शांत कराया. स्थिति काबू में होने तक वहीं बैठे रहे.
आधा घंटा के बाद जुलूस की शक्ल में महावीरी झंडा लिये युवकों का झुंड साड़म पहुंचा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगा. पुलिस ने जुलूस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जुलूस में शामिल लोग सड़क पर ही धरना देने बैठ गये. स्थिति को नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. उग्र लोग पुलिस पर पत्थर चलाने लगे. इसी दौरान भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी. इसमें बेरमो डीएसपी राजकुमार मेहता का दायें हाथ में चोट लग गयी. हाथ फ्रैक्चर होने की सूचना है. दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आयी हैं.
इसके बाद स्थिति का काबू करने के लिए फिर पुनः बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी कुलदीप चौधरी, डीएसपी राजकुमार मेहता, गोमिया बीडीओ सुधीर प्रकाश, सीओ जेसी विनीता केरकेट्टा, सीआइ सुरेश वर्णवाल सहित कई थानों के थानेदारों व एएसआइ दिनेश प्रसाद सिंह व पुलिस बल ने साड़म-होसिर के विभिन्न क्षेत्रों व गली-मुहल्लों में फ्लैग मार्च किया और सभी से शांति बनाये रखने की अपील की. इस दौरान कई बार पुलिस द्वारा युवकों के झुंडों को खदेड़ा भी गया. पुलिस ने जुलूस निकाल रहे कई युवकों को हिरासत में लिया है. समाचार लिखे जाने तक साड़म में स्थिति नियंत्रण में थी. दुकानें बंद थीं, लेकिन गाड़ियों का आवागमन शुरू हो गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola