Gridih News : 14 वर्षों से चला आ रहा जमीन विवाद का हुआ निपटारा
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 11 Apr 2026 12:38 AM
Gridih News : लंगटा बाबा इंटर कॉलेज को 44 व डिग्री कॉलेज को मिली दो एकड़ जमीन
Gridih News : प्रतिनिधि, जमुआ. लंगटा बाबा इंटर कॉलेज मिर्जागंज एवं लंगटा बाबा डिग्री कॉलेज मिर्जागंज के बीच पिछले 14 वर्षों से चला आ रहा जमीन का गतिरोध खत्म हो गया. शुक्रवार को खोरीमहुआ एसडीएम अनिमेष रंजन व जमुआ सीओ नरेश कुमार वर्मा की मौजूदगी में कॉलेज परिसर में मौजूद जमीन की पैमाईश की गयी. अंचल अमीन द्वारा कॉलेज परिसर में दो एकड़ 44 डिसमिल जमीन चिह्नित किया गया. इसके बाद इंटर कॉलेज को 44 डिसमिल, वहीं डिग्री कॉलेज को दो एकड़ जमीन मिला. इसके बाद वर्ष 2012 से चल रही विवाद समाप्त हो गया है. प्रशासनिक सक्रियता के चलते दशकों पुराने इस विवाद का निपटारा करते हुए जमीन का विधिवत बंटवारा कर दिया गया. एसडीएम अनिमेष रंजन ने बताया कि इस मामले को लेकर गुरुवार को डीसी की अध्यक्षता बैठक हुई जिसमें राज्य सभा सदस्य दीपक प्रकाश, जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी के अलावा इंटर कॉलेज के प्राचार्य निर्मल कुमार राय, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो कमल नयन सिंह के अलावे अन्य कॉलेज प्रतिनिधि मौजूद थे. डीसी के आदेशानुसार शुक्रवार को जमीन पर अंचल अमीन की नापी के बाद बंटवारा कर दिया गया. खोरीमहुआ एसडीएम अनिमेष रंजन जब कॉलेज जमीन की मापी कराने पहुंचे तो बंटवारे की प्रक्रिया के दौरान कॉलेज प्रबंधन और संबंधित कर्मियों की कार्यशैली पर एसडीओ ने कड़ा रुख अपनाया. लंबे समय तक मामले को लटकाए रखने और कागजी प्रक्रियाओं में ढिलाई बरतने को लेकर एसडीएम ने कॉलेज कर्मियों की जमकर क्लास लगायी. अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में शैक्षणिक कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा या प्रशासनिक शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने निर्देश दिया कि आवंटित जमीन की घेराबंदी का कार्य शीघ्र शुरू किया जाये, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो. एसडीएम ने कहा कि कॉलेज शिक्षा का केंद्र है, यहां राजनीति नहीं होगी. बच्चों को पढ़ाई तक ध्यान दें. मौके पर डिग्री कॉलेज प्राचार्य प्रो कमल नयन सिंह, इंटर कॉलेज प्राचार्य निर्मल कुमार राय, जगरनाथडीह मुखिया रंजीत कुमार, प्रो बिनोद राय, राजेश कुमार गौतम, चंद्रशेखर प्रसाद, विकास विद्यार्थी, विशेश्वर रविदास, जमुआ अंचल निरीक्षक प्रशांत चांद, राजस्व कर्मचारी रोहित वर्मा एवं रामनरेश सिंह आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










