गिरिडीह : नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक मंगलवार को नगर निगम सभागार में हुई. अध्यक्षता मेयर सुनील पासवान ने की. बैठक में मुख्य रूप से गिरिडीह के सांसद रवींद्र कुमार पांडेय उपस्थित थे. बैठक में पेयजल संकट व गंदगी की समस्या का मुद्दा छाया रहा. सभी वार्ड पार्षदों ने कमोवेश अपने-अपने वार्डों में व्याप्त पेयजल समस्या का जिक्र करते हुए इसमें सुधार की मांग की.
साथ ही रमजान के मौके पर पेयजलापूर्ति को दुरुस्त कराने एवं नियमित रूप से वार्डों में सफाई अभियान चलाने पर बल दिया. बैठक का मुख्य एजेंडा गत बैठक की संपुष्टि के अलावा नगर विकास विभाग के संकल्प संख्या 3873 दिनांक 28.08.14 के आलोक में विभिन्न वार्ड समितियों के गठन व झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धारा-24 के तहत स्थायी समिति के गठन पर विचार करना था. साथ ही नगर विकास एवं आवास विभाग के पत्रांक -2355 दिनांक 04.05.18 के आलोक में झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धारा – 49 के तहत नगर निगम अंतर्गत क्षेत्रीय समितियों के गठन पर विचार किया गया.
पेयजल समस्या को दूर करने की मांग : वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से मेयर, डिप्टी मेयर व सांसद को अवगत कराते हुए इसके समाधान की मांग की. वार्ड पार्षद आरती देवी ने राजा बंगला में पाइपलाइन विस्तार कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि मकतपुर स्थित बंगला स्कूल में पेयजल की समस्या है. इसे दूर किया जाये. साथ ही छात्राओं की सुविधा के मद्देनजर पंखा उपलब्ध कराया जाये. वार्ड पार्षद मृत्युंजय कुमार उर्फ गुड्डू यादव ने पेयजल व गंदगी की समस्या को उठाते हुए आकांक्षा एवं पेयजलापूर्ति करने वाली कंपनी का एग्रीमेंट पेपर उपलब्ध कराने की मांग की.
साथ ही लाभुकों को आवास योजना का लाभ प्रदान कराने के लिए वार्ड में कैंप लगाने पर जोर दिया गया. वार्ड पार्षद शाहिदा खातून ने कहा कि रमजान के महीने में नियमित रूप से सफाई करायी जाये. साथ ही पानी टंकी से मुहल्ला स्तर पर पानी उपलब्ध कराया जाये. वार्ड पार्षद मो. ओबेदुल्लाह ने कहा कि सफाई ठेला जर्जर हो चुका है. वार्ड में दो पुराना कुआं पूरी तरह से जर्जर है. इसी मरम्मत करायी जानी चाहिए. सीसीएल क्षेत्र में पड़ने वाले वार्ड के पार्षदों ने वहां के लाभुकों को आवास योजना का लाभ प्रदान कराने की मांग की. मेयर सुनील पासवान ने कहा कि इस मामले से सीसीएल गिरिडीह के परियोजना पदाधिकारी से वार्ता की जायेगी.
साथ ही सरकार को पत्र लिखा जायेगा. बैठक के दौरान कई वार्ड पार्षदों ने कहा कि नगर निगम के कुछ पदाधिकारी व कर्मचारी सही तरीके से बातों का जवाब नहीं देते हैं. इस पर मेयर श्री पासवान ने कहा कि वार्ड पार्षदों का सम्मान होना चाहिए. हम बेहतर व्यवस्था कायम करना चाहते हैं. इसमें सबों का तालमेल जरूरी है.
ये थे मौजूद : बैठक में वार्ड पार्षद पूनम देवी, रानी देवी, मुजतबा मिर्जा, नूर अहमद अंसारी, माया देवी, नीलम झा, सुमित कुमार, सैफ अली गुड्डू, अमित कुमार बरदियार, नाजिया परवीन, रंजीत कुमार यादव, अशोक राम, गुड़िया देवी, नाजमा खातून, रामचंद्र दास, किरण देवी, कमल सिंह, रीता चौरसिया, राजू यादव, इसरत जहां, पप्पू रजक, शहबाज अहमद, जरीना खातून, चंद्रशेखर प्रसाद, सिटी मैनेजर प्रमेय मंदिलवार, अर्बन मैनेजर मो. मंजूर, रामकुमार सिन्हा समेत अन्य वार्ड पार्षद मौजूद थे.
और सदन में भावुक हो गयीं वार्ड पार्षद सरिता श्रीवास्तव
बोर्ड की बैठक के दौरान अपनी बातों को रखते हुए वार्ड पार्षद सरिता श्रीवास्तव भावुक हो गयीं. वार्ड पार्षद सरिता श्रीवास्तव ने सदन को अवगत कराया कि उन्हें बस स्टैंड परिसर में शिवम होटल आवंटित है. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों कार्यपालक पदाधिकारी ने दुकान को सील कर दिया है. साथ ही उक्त दुकान के आवंटन को रद्द करते हुए दुकान नीलामी के लिए निविदा निकालने की बात कही है. उन्होंने कहा कि वह विधवा है और उक्त दुकान से ही उसके परिवार का भरण-पोषण होता है.
उन्होंने कहा कि मेयर, डिप्टी मेयर व सांसद से दुकान आवंटन को रद्द करने के फैसले को निरस्त करने एवं दुकान की पुन: नीलामी की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की. इस पर कई वार्ड पार्षदों ने उनकी बातों का समर्थन किया. मेयर सुनील पासवान ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए वार्ड पार्षदों की एक टीम का गठन किया जायेगा. साथ ही कानूनी सलाह प्राप्त की जायेगी. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने तक उक्त होटल के आवंटन को रद्द करने के फैसले पर रोक लगायी जाती है. साथ ही दुकान नीलामी की प्रक्रिया को स्थगित किया जाता है.
समस्याओं का होगा समाधान : मेयर
मेयर सुनील पासवान ने बताया कि बोर्ड की बैठक में स्थायी समितियों व क्षेत्रीय समितियों के गठन पर विचार किया गया है. पंद्रह दिनों के अंदर कमेटियों का गठन कर लेना है. बैठक में जिन-जिन समस्याओं का जिक्र किया है उन समस्याओं को दूर किया जायेगा. पेयजल समस्या समाधान के लिए पाइप लाइन को दुरुस्त करने, खराब चापाकलों की मरम्मत कराने व टैंकर से पानी सप्लाई करने का निर्णय लिया गया है. स्थायी रूप से पेयजल की समस्या के समाधान को लेकर डीपीआर बनाया जायेगा.
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चापाकलों की मरम्मत का काम किसे आवंटित है और कितना खर्च किया गया है इसकी रिपोर्ट मांगी गयी है. उन्होंने स्पष्ट लहजों में कहा कि चापाकल मरम्मत के मामले में जब तक वार्ड पार्षदों व स्थानीय जनता से लिखाकर रिपोर्ट नहीं दी जायेगी तब तक भुगतान नहीं होगा. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी विजया जाधव की अनुपस्थिति के सवाल पर मेयर सुनील पासवान ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी रांची में चुनाव संबंधित बैठक में भाग लेने के लिए गयी है. इस वजह से वह बैठक में भाग नहीं ले पायी.
त्वरित गति से होगा कार्य : डिप्टी मेयर
डिप्टी मेयर प्रकाश राम ने कहा कि बोर्ड की बैठक में लिये गये निर्णय के आलोक में त्वरित गति से कार्य किया जायेगा. जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. रमजान के मौके पर द्रुत गति से सफाई कार्य कराया जायेगा. साथ ही पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. जिन स्थानों पर पाइप लाइन मिसिंग है और चापाकल खराब है वहां पर प्राथमिकता के तहत कार्य कराया जायेगा.
समितियों का गठन कर सरकार के पास भेजना है : प्रमोद कुमार
नगर निगम के एइ प्रमोद कुमार ने बताया कि बैठक में नगर विकास विभाग के निर्देश के आलोक में विभिन्न कमेटियों का गठन कर 15 जून से पहले सरकार के पास भेजना है. वार्ड पार्षदों ने पेयजल सप्लाई व सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है. उन्होंने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण पेयजलापूर्ति में परेशानी हो रही है. होटल शिवम के संदर्भ में पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बैठक में जो बातें आयी है उससे एसडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी को अवगत करा दिया जायेगा.