भीषण गर्मी में डंडई बाजार में पेयजल संकट गहराया

चापाकल नहीं काम कर रहे, दुकानदार और ग्राहक परेशान
चापाकल नहीं काम कर रहे, दुकानदार और ग्राहक परेशान
प्रतिनिधि, डंडईभीषण गर्मी के बीच डंडई बाजार समिति में पेयजल संकट गहराता जा रहा है. बाजार परिसर में लगे सभी चापाकल खराब पड़े हैं, जिससे साप्ताहिक बुधवार बाजार में आने वाले दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, बाजार में लगभग पांच चापाकल लगाये गये थे, लेकिन वर्तमान में एक भी चापाकल काम नहीं कर रहा है. पानी नहीं निकलने के कारण हजारों लोगों के सामने पीने के पानी की गंभीर समस्या हो गयी है. इस बाजार में सोनेहरा, लवाही, रारो, जरही, देवगाना, बाना, मेराल, गढ़वा सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में व्यवसायी और ग्राहक आते हैं, लेकिन पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सभी परेशान हैं. दुकानदारों को दूर-दराज से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं. होटल संचालक चंदु साह ने बताया कि पानी की कमी के कारण उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. कई बार पानी की समस्या के कारण दुकान तक नहीं लगा पा रहे है.
एक जल नल पर टिकी बाजार की प्यास
पूरे बाजार की प्यास फिलहाल मुखिया फंड से लगाये गये एकमात्र नल पर टिकी हुई है. इसी के सहारे लोग लंबी कतार लगाकर किसी तरह अपनी प्यास बुझा रहे हैं, जो इस बड़े बाजार के लिए नाकाफी साबित हो रहा है. स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में इस समस्या को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों ने कहा कि पीएचडी विभाग द्वारा न स्थायी जलापूर्ति की व्यवस्था की गयी है और न ही विधायक फंड से चापाकल या जलमीनार की कोई पहल की गयी है. जनप्रतिनिधियों द्वारा आम जनता और गरीबों के हित में कार्य करने के दावे किये जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है.पेयजल संकट अत्यंत गंभीर : बहादुर सिंह
विधायक प्रतिनिधि तेज बहादुर सिंह ने कहा कि डंडई बाजार में उत्पन्न पेयजल संकट अत्यंत गंभीर है. व्यवसायियों और ग्रामीणों की मांग पूरी तरह जायज है. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे की जानकारी तत्काल विधायक आनंद प्रताप देव दी जायेगी. साथ ही, विधायक फंड से खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत, नये चापाकल की स्थापना और जलमीनार की व्यवस्था कराने के लिए ठोस पहल की जायेगी, ताकि बाजार आने वाले लोगों को जल्द राहत मिल सके.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




