वज्रपात की अगल-अलग घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 29 May 2026 9:56 PM
वज्रपात की अगल-अलग घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत
प्रतिनिधि, मेराल/ कांड जिले में शुक्रवार को वज्रपात की अगल-अगल घटना में दो लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना मेराल थाना क्षेत्र के बांनाजाघ गांव में शुक्रवार की सुबह आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हुई तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान गजाधर सिंह के 35 वर्षीय पुत्र उदय सिंह के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, उदय सिंह शुक्रवार की सुबह रोज की तरह अपने घर के पास स्थित जंगल में भैंस चराने गया था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए वह पास स्थित एक बहेरा पेड़ के नीचे खड़ा हो गया. इसी दौरान बहेरा पेड़ के पास वज्रपात हो गया. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उदय सिंह गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. वज्रपात इतना तेज था कि पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी फट गया. इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मेराल थाना के एएसआइ राजेंद्र कुमार बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. बकरी को सुरक्षित स्थान पर बांधने के दौरान वज्रपात से महिला की मौत कांडी (गढ़वा): गढ़वा के कांडी के गाड़ाखुर्द गांव में शुक्रवार वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी. महिला के पहचान बनकट टोला निवासी भृगु साव की पत्नी सोनमती देवी (45) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाये हुए थे और गरज-चमक हो रही थी. सोनमती देवी घर के पास ही खूंटे से बंधी अपनी बकरी को खोलकर सुरक्षित स्थान पर (घर के अंदर) बांधने गयी थीं. इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गयीं, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि नीरज सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय प्रशासन को सूचित किया और कागजी प्रक्रिया पूरी कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भिजवाया. जानकारी के अनुसार, मृतका के पति भृगु साव और दो बेटे घर से बाहर रहकर मजदूरी करते हैं. वर्तमान में पति कर्नाटक में हैं, जबकि दो बेटे राजस्थान में काम करते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










