बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देश में हो रहा सार्थक : डीस
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 28 Feb 2025 9:44 PM
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देश में हो रहा सार्थक : डीसी
गढ़वा. नीलांबर-पीतांबर बहुद्देशीय सांस्कृतिक भवन, टाउन हॉल गढ़वा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता उपायुक्त शेखर जमुआर ने की. मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करनेवाली छात्राओं एवं पहली संतान के रूप में बेटी को जन्म देनेवाली महिलाओं को सम्मानित किया गया. करीब 300 महिला व छात्राओं को उपायुक्त ने सम्मानित किया. कार्यक्रम में उपायुक्त श्री जमुआर ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा हमारे देश में सार्थक हो रहा है. विभिन्न क्षेत्रों में देश की बेटियां अपनी सहभागिता निभा रही हैं तथा देश के विकास में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रही हैं. उपायुक्त ने कहा कि बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ के नारे की आवश्यकता अब नहीं है बल्कि यह सभी के जेहन में होना चाहिए कि बेटा-बेटी एक समान हैं. उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान वर्ष 2015 में शुरू किया गया था. इसका उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा और शिक्षा प्रदान करना तथा समाज में लैंगिक भेदभाव और सांस्कृतिक पूर्वाग्रह समाप्त करना है. लड़कियां सोशल मीडिया पर ज्यादा ध्यान न दें : एसडीपीओ मौके पर उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा ने भी बालिकाओं को सशक्त करने एवं उच्च शिक्षा प्राप्त करने की बात कही. कहा कि इस योजना का मकसद लिंगानुपात में सुधार लाना और महिलाओं के सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं से उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लड़कियां सोशल मीडिया पर ही अपना ज्यादा समय बिताती हैं, जो गलत है. बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारा को और भी सार्थक बनाने की दिशा में बालिकाओं को कार्य करना चाहिए. इसके लिए उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करते हुए रोजगार निर्माण कर अपने पैरों पर खड़े होने की आवश्यकता है. देश के कई महत्वपूर्ण पदों पर महिलायएं काबिज हैं तथा अपने माता-पिता के साथ-साथ देश का भी नाम रोशन कर रही हैं. हुई कई प्रतियोगिताएं : कार्यक्रम में पेंटिंग, डांसिंग, सिंगिंग, स्पीच, लेखन समेत अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, विभिन्न प्रखंडों की सीडीपीओ व महिला पर्यवेक्षिकाओं सहित काफी संख्या में विद्यार्थी एवं उनके माता-पिता उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










