Garhwa: झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से बच्ची की मौत मामले में उपायुक्त गंभीर, गिरफ्तारी के आदेश
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 13 Jun 2026 5:33 PM
परिजनों से मुलाकात करते गढ़वा उपायुक्त
Garhwa: गढ़वा में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद बच्ची की मौत के मामले में उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं. प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच तेज कर दी है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
कांडी से उपेंद्र नारायण द्विवेदी की रिपोर्ट
Garhwa (कांडी): गढ़वा उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने शनिवार को कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में कई स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित कर्मियों की उस दिन की उपस्थिति काटने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ बिनोद सिंह से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की दैनिक संख्या तथा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
छोलाछाप डॉक्टर के इलाज से हुई थी बच्ची की मौत
स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने के बाद उपायुक्त कांडी बाजार स्थित ओम मेडिकल हॉल पहुंचे. मालूम हो कि इसी क्लिनिक में कथित झोलाछाप चिकित्सक डॉ रंजीत कुमार मेहता द्वारा इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची ब्यूटी कुमारी की मौत का मामला सामने आया था. मौके पर पहुंचकर उपायुक्त ने पूरे मामले की गहन जांच की. मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम को तत्काल निर्देश दिया कि आरोपी झोलाछाप डॉक्टर को अविलंब गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाए.
मृत बच्ची के परिजनों से भी मिले उपायुक्त
इसके बाद उपायुक्त सीधे ग्राम बातो खुर्द पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक बच्ची के परिजनों से मुलाकात की. बच्ची की मां रेनू देवी और पिता निरंजन गुप्ता ने रोते-बिलखते हुए अपनी पूरी पीड़ा उपायुक्त के समक्ष रखी. परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी. उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया. इस संबंध में उन्होंने मौके पर मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया.
गांव-गांव सहिया चलाएंगी जागरूकता अभियान
उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्वास्थ्यकर्मी एवं सहिया कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि छोटी हो या बड़ी, किसी भी बीमारी का इलाज केवल सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों या मान्यता प्राप्त डॉक्टरों से ही कराएं. बिना डिग्री वाले झोलाछाप डॉक्टरों के झांसे में बिल्कुल न आएं. इस जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी किसी दुखद घटना की पुनरावृत्ति न हो सके. निरीक्षण व जांच के दौरान मुख्य रूप से सिविल सर्जन डॉ जान एफ कैनेडी, डॉ गोविंद सेठ, सत्येंद्र पांडे, समाजसेवी शशांक शेखर, विजय राम सहित कई अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
खेत में बिछाए जाल में फंसा 6 फीट का विशालकाय अजगर, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
गुमला के घाघरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: तकनीक की मदद से खोजे 9 खोए मोबाइल, लोगों ने कहा- ‘थैंक्यू’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










