गढ़वा में नीति तारा प्लेटफॉर्म पर एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला आयोजित, अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

गढ़वा में नीति आयोग के नीति तारा प्लेटफॉर्म पर एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला आयोजित | Prabhat Khabar Network
गढ़वा में नीति आयोग के नीति तारा प्लेटफॉर्म पर एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी करना है।
गढ़वा: नीति आयोग के मार्गदर्शन में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, आंकड़े आधारित प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने तथा विकास योजनाओं की सतत निगरानी एवं समीक्षा के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में नीति तारा (टूलकिट फॉर एनालिसिस, रिव्यू एंड एक्शन) विषय पर जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया.
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि नीति तारा नीति आयोग की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जो वास्तविक समय के आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं की प्रगति की निगरानी, समीक्षा एवं साक्ष्य आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाती है.
उपायुक्त ने कहा कि नीति तारा मंच के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के नियोजन, क्रियान्वयन, अनुश्रवण एवं परिणाम आधारित मूल्यांकन को नई दिशा और गति प्रदान की जा सकती है.उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से कार्यशाला के दौरान दिए जा रहे प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए मंच की कार्यप्रणाली को अच्छी तरह समझने तथा इसका नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध आंकड़ों का निरंतर एवं व्यवस्थित विश्लेषण करते हुए विकास योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा आवश्यकता के अनुरूप समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इससे शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुख बनाने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ लक्षित लाभुकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी.
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी अधिकारियों एवं कर्मियों को नीति तारा मंच की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया. प्रशिक्षण के क्रम में रियल-टाइम डैशबोर्ड, योजना निर्माण एवं प्रबंधन उपकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित बैठक कार्यवृत्त तैयार करने की सुविधा, आंकड़ा विश्लेषण, योजनाओं की समीक्षा एवं अनुश्रवण प्रणाली सहित मंच के विभिन्न मॉड्यूल के संचालन एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई.
प्रतिभागियों को आंकड़ों के प्रभावी उपयोग के माध्यम से विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन करने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया
कार्यशाला में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मझिआंव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मझिआंव, नीति तारा के प्रशिक्षक दिलीप कुमार दुबे, सहायक प्रशिक्षक विश्वरूप मंडल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










