JSSC उत्पाद सिपाही के 679 अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 3 और 4 अगस्त को, जानें कट-ऑफ मार्क्स

जेएसएससी दफ्तर की तस्वीर
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने उत्पाद सिपाही परीक्षा 2023 के लिए 679 शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया है. यह प्रक्रिया 3 और 4 अगस्त को होगी. साथ ही, आयोग ने कोटिवार कट-ऑफ मार्क्स भी जारी कर दिए हैं.
रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट
JSSC Excise Constable Result, रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 से जुड़ा एक बड़ा अपडेट जारी किया है. आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आवश्यक सूचना के अनुसार, लिखित और मेडिकल जांच में सफल रहे शॉर्टलिस्टेड 679 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्रों के वेरिफिकेशन (Document Verification) के लिए आयोग कार्यालय में आमंत्रित किया गया है. यह सत्यापन प्रक्रिया 3 और 4 अगस्त को आयोजित की जाएगी, जिसमें तीन अगस्त को द्वितीय पाली में 200 अभ्यर्थियों और चार अगस्त को दोनों पालियों में 479 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि लिखित परीक्षा 12 अप्रैल को आयोजित की गई थी, जिसके बाद 1 जुलाई से 14 जुलाई तक मेडिकल जांच कराया गया था. इसमें अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को 17 व 18 जुलाई को अंतिम मौका दिया गया था, जबकि चिकित्सकीय जांच के निर्णय के खिलाफ अपील करने वाले अभ्यर्थियों को 20 और 21 जुलाई को रिम्स (RIMS) में कराया गया था.
जांच स्थल पर समय से एक घंटा पहले पहुंचने का निर्देश
वेरिफिकेशन प्रक्रिया के लिए सभी अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित समय से एक घंटा पहले आयोग कार्यालय पहुंचने का निर्देश दिया गया है. अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन में की गई प्रविष्टियों से संबंधित मूल प्रमाण पत्र, उनकी एक स्व-हस्ताक्षरित फोटो कॉपी और दो हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है. जो अभ्यर्थी जरूरी प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करेंगे या अनुपस्थित रहेंगे, उनकी अभ्यर्थिता रद्द करने पर आयोग फैसला ले सकता है. यदि कोई अभ्यर्थी किसी कारणवश 3 या 4 अगस्त को उपस्थित नहीं हो पाता है, तो उसे 10 अगस्त को पूर्वाहन 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक जांच कराने का अंतिम मौका दिया जाएगा. इसके बाद कोई अतिरिक्त अवसर नहीं मिलेगा और अभ्यर्थी का दावा स्वतः समाप्त हो जाएगा. आयोग ने यह भी साफ किया है कि इस प्रक्रिया में शामिल होना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है और 10 जुलाई 2023 की अंतिम तिथि तक सौंपे गए प्रमाण पत्र ही मान्य समझे जाएंगे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में गूंजा झारखंड का नाम, प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार प्रदीप महतो को मिला '40 अंडर 40' सम्मान
कट ऑफ मार्क्स भी जारी
जेएसएससी ने प्रमाण पत्रों की जांच के लिए आमंत्रित कोटिवार अंतिम अभ्यर्थियों के मार्क्स (कट-ऑफ) भी जारी कर दिए हैं. अनारक्षित कोटि के लिए अंतिम सूचीबद्ध अभ्यर्थी के अंक 548 हैं, जिसमें महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं. इसी तरह अनुसूचित जनजाति (ST) कोटि के लिए कट-ऑफ 490 और अनुसूचित जाति (SC) के लिए 515 तय किया गया है. अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC-1) के लिए कट-ऑफ 536 और पिछड़ा वर्ग (BC-2) में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 536 व महिला अभ्यर्थियों के लिए 525 अंक निर्धारित हैं. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) में पुरुषों के लिए 507 और महिलाओं के लिए 491 कट-ऑफ अंक गया है. इसके अलावा क्षैतिज आरक्षण के तहत आदिम जनजाति (PTG) के लिए 411 और खेल कूद (Sports) कोटा के लिए कट-ऑफ मार्क्स 332 दर्ज किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: झारखंड में हेपेटाइटिस बी संक्रमण घटा, लेकिन हेपेटाइटिस सी ने बढ़ाई चिंता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










