नगर उंटारी उपकारा को जल्द शुरू करने का निर्देश

नगर उंटारी उपकारा को जल्द शुरू करने का निर्देश
गढ़वा. नगर उंटारी उपकारा को जल्द सक्रिय करने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में उपकारा से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया. उपायुक्त ने भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को उपकारा के अधूरे कमरों और आवासीय भवनों का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा. उन्होंने पूर्व में कार्य में लापरवाही और अनियमितता बरतने वाले तत्कालीन अभियंता और संबंधित संवेदक की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया. पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को जेल परिसर में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्राक्कलन कारा विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया. साथ ही पहले असफल रहे दो गहरे नलकूपों का नया प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया. सिविल सर्जन को अस्पताल वार्ड के लिए एक डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति करने और बिजली विभाग को उपकारा की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. वहीं जेल अधीक्षक को सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजने को कहा गया. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि उपकारा को चालू करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










