गढ़वा रामनवमी विवाद में दोनों पक्षों के 19 लोग गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

रामनवमी के जुलूस में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद रमकंडा में पुलिस के अधिकारी. फोटो: प्रभात खबर
Ram Navami Clash: गढ़वा के रमकंडा में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार किया. पथराव के बाद हालात नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
रमकंडा से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट
Ram Navami Clash: झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. गुरुवार रात जुलूस के दौरान दो पक्षों के आमने-सामने आने से स्थिति बिगड़ गई. देखते ही देखते कहासुनी पथराव में बदल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया. रातभर सघन छापेमारी अभियान चलाकर दोनों पक्षों से कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 13 लोग मुस्लिम पक्ष से और 6 लोग एक पक्ष से बताए जा रहे हैं. पुलिस ने मौके से 18 मोटरसाइकिल और 9 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
एसपी ने दी जानकारी, शांति व्यवस्था पर जोर
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और आगे भी किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है.
शिव चबूतरा के पास दोनों पक्षों का आमना-सामना
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब रामनवमी की अष्टमी का जुलूस कौआखोह स्थित शिव चबूतरा के पास पहुंचा. उसी समय दूसरा पक्ष भी वहां मौजूद था, जिसने जुलूस का विरोध शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया.
आंसू गैस के गोले दागकर स्थिति पर पाया गया काबू
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तीन आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया. सुरक्षा कारणों से जुलूस को वहीं से वापस लौटना पड़ा. इस दौरान कई लोग घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पहले से ही तनावपूर्ण था माहौल
गौरतलब है कि इस इलाके में तनाव एक दिन पहले से ही बना हुआ था. बुधवार को महावीर पताका स्थापित करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके विरोध में गुरुवार सुबह करीब छह घंटे तक सड़क जाम रहा. इसी पृष्ठभूमि में गुरुवार रात का विवाद और अधिक गंभीर हो गया.
दो पक्षों के विवाद पर प्रशासन सख्त
घटना के बाद रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है. प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: रामनवमी पर रांची के तपोवन राम मंदिर पहुंचे सीएम हेमंत और कल्पना सोरेन, पूजा-अर्चना की
इलाके में शांति, लेकिन सतर्कता बरकरार
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और वरीय अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. पुलिस ने इस मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर अन्य उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है. इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: रामनवमी पर मेदिनीनगर में गंगा-जमुनी तहजीब, ईद मिलन में श्री महावीर नवयुवक दल के पदाधिकारी सम्मानित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




