विश्व आदिवासी दिवस पर गढ़वा में भव्य समारोह, 17 लाभुकों को मिला 1677 एकड़ का वन पट्टा
नगर भवन में विश्व आदिवासी दिवस समारोह आयोजित, 17 लाभुकों को मिला 1677 एकड़ वन पट्टा | Prabhat Khabar Network
गढ़वा में विश्व आदिवासी दिवस पर भव्य समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान 17 लाभुकों को वन पट्टा वितरित किया गया और जनजातीय कला-संस्कृति की झलक देखने को मिली।
गढ़वा: नगर भवन में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत समाहरणालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क में भगवान बिरसा मुंडा तथा नगर भवन स्थित शहीद नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई. इसके बाद मुख्य अतिथि उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) अंशुमान और (दक्षिणी) इबी अब्राहम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया.
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि यह महोत्सव जिले की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है. यह आयोजन जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा सांस्कृतिक पहचान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश देता है. पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की परंपराओं, कला, संगीत और जीवनशैली को सम्मान देने का अवसर है. उन्होंने लोगों से शिक्षा और वैज्ञानिक सोच अपनाते हुए अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया.
समारोह में वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत 17 लाभुकों के बीच कुल 1677 एकड़ भूमि का व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन पट्टा वितरित किया गया. इसमें 13 लाभुकों को 19 एकड़ का व्यक्तिगत व चार लाभुकों को 1658 एकड़ का सामुदायिक वन पट्टा दिया गया. उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों और नागरिकों को शॉल व पगड़ी देकर सम्मानित किया गया. परिसर में जनजातीय खान-पान और शिल्प कला के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे.
पारंपरिक आदिवासी नृत्य व गीत ने मोहा मन.
कार्यक्रम में एसटी आवासीय उच्च विद्यालय, चिनिया व कुदरूम, रंका, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, भंडरिया, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, चिनिया, भंडरिया व रमकंडा, आश्रम बालिका उच्च विद्यालय, मंझिगांव, कांडी, शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों तथा जेएसएलपीएस की महिलाओं ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य, गीत-संगीत और नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया.
मंच संचालन जेएसएलपीएस के डीपीएम विमलेश कुमार शुक्ल और धन्यवाद ज्ञापन गढ़वा एसडीएम कुमार मयंक भूषण ने किया. मौके पर अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, जिला कल्याण पदाधिकारी देवानंद राम, जिला परिवहन पदाधिकारी गोपी उरांव, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी सहित कई अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और नागरिक मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए