झाड़ी में मिला 17 साल के युवक का खून से लथपथ शव, पास में चावल लदा ट्रैक्टर बरामद; हत्या की आशंका
रोते-बिलखते मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network
झारखंड के कांडी में चोरांटी पहाड़ के पास 17 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
गढ़वा: कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क पर चोरांटी पहाड़ के समीप शनिवार देर शाम एक 17 वर्षीय युवक का शव संदेहास्पद स्थिति में बरामद किया गया. कांडी पुलिस ने झाड़ी से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है. मृतक की पहचान घटहुआं कला पंचायत के रतनगढ़ गांव निवासी जयनाथ यादव के पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस ने घटनास्थल के पास से चावल लदा एक बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त किया है और चालक बलि यादव, पिता राजेंद्र यादव, रतनगढ़, से पूछताछ की जा रही है. मृतक के चेहरे पर चोट के कई निशान मिले हैं और उसका पूरा शरीर खून से लथपथ था. ग्रामीणों व परिजनों का कहना है कि अगर दुर्घटना ट्रैक्टर से हुई होती, तो शव सड़क पर ही रहता. शव को सड़क से इतनी दूर झाड़ी में फेंकना हत्या की ओर इशारा कर रहा है.
मृतक की मां इंद्रावती देवी ने हत्या की आशंका जतायी है. उन्होंने बताया कि आकाश पिछले एक वर्ष से एफसीआइ गोदाम से खाद्यान्न ले जाने वाले ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था. इस संबंध में एफसीआइ गोदाम प्रभारी शाहिद अंसारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला. इससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ट्रैक्टर पर किसका खाद्यान्न लदा था.
मामले की जांच कर रही है पुलिस : थाना प्रभारी
इस संबंध में थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलते ही अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए