गढ़वा में आज सजेगी ‘कॉफी विद एसडीएम’ की महफिल, खास मेहमान बनेंगे ग्रामीण चौकीदार

Published by : Priya Gupta Updated At : 20 May 2026 7:54 AM

विज्ञापन

गढ़वा :-एसडीएम संजय कुमार

Garhwa News: गढ़वा में आज आयोजित होने वाले ‘कॉफी विद एसडीएम’ कार्यक्रम में ग्रामीण चौकीदार-दफादार प्रशासन से सीधे संवाद करेंगे. बैठक में कानून-व्यवस्था, सूचना तंत्र की मजबूती, अफवाह नियंत्रण और ग्रामीण समस्याओं के समाधान पर चर्चा होगी.

विज्ञापन

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले में प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने और ग्रामीण इलाकों की जमीनी हकीकत से सीधे रूबरू होने के लिए आज (बुधवार) यानी 20 मई को एक खास पहल होने जा रही है. सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार के बेहद लोकप्रिय साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” का आयोजन आज पूर्वाह्न 11: बजे से अनुमंडल कार्यालय सभागार में किया जायेगा. इस बार के कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें किसी बड़े अधिकारी या खास वर्ग को नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्तैदी से तैनात रहने वाले गढ़वा और डंडा प्रखंड क्षेत्र के चौकीदार-दफादार (ग्रामीण प्रहरियों) को आमंत्रित किया गया है.

गांव स्तर की कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर होगा फोकस

सदर एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि इस बार के संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव स्तर की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है. आज होने वाली इस खास बैठक में सामाजिक समन्वय, ग्रामीण सूचना तंत्र की मजबूती, सोशल मीडिया के जरिए फैलने वाली अफवाहों पर लगाम लगाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उभर रही समसामयिक समस्याओं पर खुलकर चर्चा की जाएगी. कार्यक्रम में जमीनी स्तर पर दिन-रात कार्य कर रहे इन प्रहरियों के अनुभवों, उनकी व्यावहारिक दिक्कतों और उनके महत्वपूर्ण सुझावों को प्रशासन सीधे सुनेगा और समझेगा.

केवल औपचारिकता नहीं, समस्याओं का समाधान है लक्ष्य

एसडीएम ने साफ किया की केवल औपचारिकता नहीं, समस्याओं का समाधान है लक्ष्य उनका कहना हैं कि चौकीदार और दफादार ग्रामीण स्तर पर प्रशासन की आंख और कान की भूमिका निभाते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाये रखने, सामाजिक गतिविधियों की जानकारी समय पर प्रशासन तक पहुंचाने और किसी भी संभावित विवाद या तनाव की प्रारंभिक सूचना उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य केवल औपचारिक चर्चा करना नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे लोगों की बातों को गहराई से समझना है. सभी आमंत्रित प्रहरी निर्धारित समय पर इसमें स्वैच्छिक रूप से शामिल हों.

‘कॉफी विद एसडीएम’ पहल की हो रही सराहना

प्रशासनिक गलियारों में इस पहल की काफी सराहना हो रही है. जानकारों का मानना है कि ‘कॉफी विद एसडीएम’ कार्यक्रम के जरिये ग्रामीण प्रहरियों को टेबल पर बैठाकर सुनना एक बड़ा बदलाव लाएगा. इससे सुदूर ग्रामीण इलाकों में तैनात चौकीदारों का मनोबल बढ़ेगा. अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी बड़ी घटना या विवाद की पहली भनक इन्हीं चौकीदारों को लगती है. यदि इनका समन्वय अनुमंडल प्रशासन से सीधे तौर पर मजबूत हो जाये, तो कई तरह के सामाजिक विवादों को शुरुआती स्तर पर ही सुलझाया जा सकता है. आज होने वाले इस संवाद को लेकर डंडा और गढ़वा प्रखंड के ग्रामीण प्रहरियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें: देवघर में चाय दुकान चलाने वाली महिला की हत्या, पुलिस जांच में जुटी 

यह भी पढ़ें: धनबाद: अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी राजगंज रोड को किया जाम

विज्ञापन
Priya Gupta

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola