गढ़वा में माओवादियों ने तीन भाइयों को मार डाला

Published at :26 Jul 2016 7:41 AM (IST)
विज्ञापन
गढ़वा में माओवादियों ने तीन भाइयों को मार डाला

भंडरिया/बड़गड़ (गढ़वा) : भंडरिया थाना क्षेत्र में रविवार की रात भाकपा माओवादी के दस्ते ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में एक ही परिवार के तीन भाइयों की हत्या कर दी. एक शव बांड़ी खजूरी गांव से और दो शव टेहरी गांव स्थित बूढ़ाबांध के पास से बरामद किया गया. मृतकों में श्रवण यादव (30), हीरालाल […]

विज्ञापन
भंडरिया/बड़गड़ (गढ़वा) : भंडरिया थाना क्षेत्र में रविवार की रात भाकपा माओवादी के दस्ते ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में एक ही परिवार के तीन भाइयों की हत्या कर दी. एक शव बांड़ी खजूरी गांव से और दो शव टेहरी गांव स्थित बूढ़ाबांध के पास से बरामद किया गया. मृतकों में श्रवण यादव (30), हीरालाल यादव (22) तथा शिवलाल यादव (20) शामिल है.
श्रवण व हीरालाल सगे भाई हैं, जबकि शिवलाल उनका फुफेरा भाई है. वे मूलत: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पुनदाग गांव के रहनेवाले थे. उनका बांड़ी खजूरी में भी घर था़ जबकि शिवलाल लातेहार के गारू का रहनेवाला था़ श्रवण की हत्या गला रेत कर की गयी. हीरालाल व शिवलाल को गोली मारी गयी.
कोयल-शंख कमेटी ने हत्या की जिम्मेवारी ली : शवों के पास से परचा एवं दो खोखा बरामद किये गये. हत्या की जिम्मेवारी भाकपा माओवादी के कोयल-शंख कमेटी ने ली है. परचे में लिखा है कि तीनों पुलिस की मुखबिरी करते थे. इन लोगों की सूचना पर ही पिछले दिन बूढ़ा पहाड़ में माओवादियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी. एसपी प्रियदर्शी आलोक घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की.
पुलिस ने ग्रामीणों से शव को मंगवाया : हीरालाल एवं शिवलाल का शव बूढ़ा बांध के पास से मिला. पहाड़ एवं जंगलों से घिरे बूढ़ा बांध में माओवादियों के भय से पुलिस शव लेने नहीं जा सकी. ग्रामीणों से दोनों शवों को भंडरिया थाना मंगाया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए शवों को गढ़वा भेजा गया़
माओवादी से संबंध रहा है मृतक के परिवार का : मृतक श्रवण व हीरालाल के पिता रामप्रीत यादव पहले भाकपा माओवादी का सक्रिय सदस्य रह चुका है. वर्ष 2014 में छत्तीसगढ़ में उसने सरेंडर किया था़ मृतकों का भाई बसंत यादव ने बताया कि तब छत्तीसगढ़ सरकार ने उसके पिता को पांच लाख रुपये और नौकरी देने का आश्वासन दिया था़ उन्हें आज तक कुछ नहीं मिला. उसके पिता अभी भी जेल में हैं. उसने कहा कि माओवादी उससे सरेंडर की राशि मांग रहे थे़ नहीं देने के कारण वे लोग माओवादियों के निशाने पर थे़
शहीद सप्ताह मनायेंगे माओवादी : भाकपा माओवादी पिछले दिन बूढ़ा पहाड़ पर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ की घटना के बाद से बौखलाये हुए हैं. इसके प्रतिशोध में माओवादियों ने 28 जुलाई से तीन अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाने की घोषणा की है़ इस दौरान माओवादी कोई बड़ी घटना को अंजाम देकर पुलिस को जवाब देने की तैयारी में जुटे हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola