ओटीपी से राशन गायब कर रहे हैं डीलर
Updated at : 22 Dec 2017 5:42 AM (IST)
विज्ञापन

जांच पड़ताल में हुआ खुलासा ओटीपी से कटौती की गयी राशन लाभुकों को नहीं मिला रमकंडा : अगर आप राशन डीलर के यहां लगभग दो या तीन महीने से राशन का उठाव नहीं कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइये. राशन डीलर इ-पॉस मशीन में गड़बड़ी कर ओटीपी के माध्यम से आपका राशन गायब कर […]
विज्ञापन
जांच पड़ताल में हुआ खुलासा
ओटीपी से कटौती की गयी राशन लाभुकों को नहीं मिला
रमकंडा : अगर आप राशन डीलर के यहां लगभग दो या तीन महीने से राशन का उठाव नहीं कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइये. राशन डीलर इ-पॉस मशीन में गड़बड़ी कर ओटीपी के माध्यम से आपका राशन गायब कर सकते हैं. खाद्य आपूर्ति विभाग की वेबसाइट से मिली जानकारी के आधार पर प्रभात खबर की पड़ताल में ओटीपी के माध्यम से राशन गायब किये जाने का खुलासा हुआ है.
वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार रमकंडा प्रखण्ड के चेटे पंचायत के राशन डीलर मुनीलाल प्रसाद द्वारा ओटीपी के माध्यम से लाभुकों का राशन गायब किया जा रहा है और लाभुकों को इसकी जानकारी तक नहीं है. उक्त डीलर द्वारा पिछले सितंबर माह में 17 व अक्तूबर माह में 18 लाभुकों को यूआइडी की जगह ओटीपी के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया गया है.
लेकिन जब इन लाभुकों के यहां जाकर पड़ताल की गयी, तो पता चला उन्होंने कई महीनों से डीलर के यहां से राशन का उठाव नहीं किया है. वहीं डीलर द्वारा कई महीनों से यह कहकर राशन नहीं दिया जा रहा है कि मशीन में उनका फिंगर मैच नहींहो रहा है.
क्या है ओटीपी व्यवस्था
इ-पॉस मशीन में लाभुको का मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से डीलर द्वारा लाभुकों को राशन दिये जाने की व्यवस्था वैसे लाभुको के लिये हैं. जिसका फिंगर इ-पॉस मशीन में काम नहीं कर रहा है और उसे राशन की बहुत जरूरत है.
लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के कई राशन लाभुकों का राशन कार्ड में अपना मोबाइल नंबर दर्ज नहीं होने के कारण डीलर द्वारा राशन कार्ड संख्या में मशीन के माध्यम से लाभुकों के मोबाइल नंबर की जगह अन्य मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से गरीब और असहाय लाभुकों का राशन निकाला जा रहा हैं और मशीन में फिंगर की गड़बड़ी बताकर लाभुकों को राशन नहीं देते है. अंत में थक हारकर असहाय लाभुक राशन लेना ही छोड़ देता है और डीलर प्रत्येक माह उस लाभुक का राशन इसी तरह कटौती कर लेता है.
केस स्टडी – 1
वेबसाइट के अनुसार अंत्योदय राशन कार्ड संख्या 202000192715 से पंचायत के रेनुडीह गांव निवासी सोमारू भुइयाँ को ओटीपी के माध्यम से पिछले 19 सितंबर व 23 अक्तूबर को 35-35 किलो चावल व 2.5- 2.5 लीटर तेल उपलब्ध कराया गया है. लेकिन पिछले आठ माह से सोमारू भुइयां को राशन नहीं मिल रहा है. पूछे जाने पर लाभुक सोमारू ने बताया की जब से मशीनी व्यवस्था लागू हुआ है, तब से उसे राशन नहीं मिला. उसने बताया कि इसकी शिकायत बीडीओ से भी की गयी है.
केस स्टडी – 2
वेबसाइट की जानकारी के आधार पर अंत्योदय राशन कार्ड संख्या 202000192546 से पटसर निवासी उमेश परहिया को भी इसी तरह 19 सितंबर व 23 अक्तूबर को 35-35 किलो चावल व 2.5-2.5 लीटर तेल उपलब्ध कराया गया है. लेकिन उमेश परहिया को पिछले सात महीने से डीलर मुनिलाल प्रसाद ने राशन देना बंद कर दिया है. पूछने पर उमेश ने बताया कि करीब सात माह पहले राशन लेने गया था, तो डीलर ने यह कहकर राशन नहीं दिया कि तुम्हारा राशन पीटीजी के तहत मिलेगा. प्रभात खबर ने जब इसकी भी पड़ताल की तो पता चला कि उमेश के पिता के पीटीजी राशन कार्ड में उमेश सहित उसके बच्चों का नाम दर्ज नहीं है.
केस स्टडी – 3
मिली जानकारी के अनुसार पीएच राशन कार्ड संख्या 202000192478 से पटसर गांव निवासी भुखन भुइयां की पुत्री रुदन कुमारी द्वारा भी इसी तरह 19 सितंबर व 23 अक्तूबर को 30-30 किलो चावल व 2.5-2.5 लीटर केरोसिन का उठाव किया गया है. लेकिन भुखन भुइयां को पिछले नौ माह से राशन नहीं मिल रहा है.
पूछने पर भुखन भुइयां ने बताया कि रुदन कुमारी की शादी तीन वर्ष पहले हो चुकी है. शादी के बाद उसने डीलर के यहां राशन लेने नहीं गयी है. बताया कि करीब नौ माह पहले व बीच में भी डीलर के यहां राशन लेने गया था. लेकिन मशीन में अंगूठा लोड नहीं लेने की बात कहकर डीलर द्वारा अब तक राशन नहीं दिया जा रहा है.
मामले की जांच की जायेगी: डीएसओ
इस संबंध में पूछे जाने पर डीएसओ जावेद अनवर इदरिशी ने कहा कि मामले की जांच की जायेगी. जांच में दोषी पाये जाने पर डीलर के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
केस स्टडी – 4
रिकॉर्ड के अनुसार अंत्योदय राशन कार्ड संख्या 202000192612 से चेटे पंचायत के पटसर गांव निवासी सुनील परहिया द्वारा 19 सितंबर व 23 अक्तूबर को ओटीपी के माध्यम से 35-35 किलो चावल व 2.5-2.5 लीटर किरासन तेल का उठाव किया गया है. लेकिन जब सुनील परहिया से पूछा गया तो पता चला कि उसे पिछले छह माह से राशन नहीं मिल रहा है. बताया कि डीलर ने राशन बंद हो जाने की बात कहकर राशन देना बंद कर दिया.
केस स्टडी – 5
इसी तरह राशन कार्ड संख्या 202000192683 से रेनुडीह गांव निवासी अभिषेक कुमार द्वारा 19 सितंबर व 23 अक्तूबर को 30-30 किलो चावल व 2.5-2.5 लीटर का उठाव किया गया है. लेकिन उसे भी पिछले चार माह से डीलर द्वारा राशन नहीं दिया गया है. पूछने पर उसके पिता दीनानाथ प्रसाद ने बताया कि पिछले दिनों बीडीओ की जांच के बाद डीलर द्वारा अभिषेक को बुलाकर राशन देने की बात कही गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




