RR ने लगाया जीत का चौका, वैभव और जुरेल का दिखा जलवा, RCB की पहली हार

ध्रुव जुरेल, Pic- ANI
RR vs RCB: गुवाहाटी में खेले गए आईपीएल 2026 के 16वे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने बेंगलुरु को 6 विकेट से हरा दिया है. बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 201 रन बनाए थे. जवाब में राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी (78 रन) और ध्रुव जुरेल (81 रन) की शानदार पारियों के दम पर टारगेट आसानी से हासिल कर लिया.
Highlights
RR vs RCB: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 16वे मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 6 विकेट से हरा दिया है. यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया. बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे. जवाब में राजस्थान की टीम ने 17.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 202 रन का टारगेट आसानी से हासिल कर लिया.
बारिश के कारण यह मैच 1 घंटा 10 मिनट देरी से शुरू हुआ था, लेकिन ओवर कम नहीं किए गए. इस सीजन में राजस्थान की यह लगातार चौथी जीत है और वह पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है. वहीं लगातार दो मैच जीतने के बाद बेंगलुरु को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा है.
वैभव सूर्यवंशी ने जड़ा अर्धशतक
टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत में यशस्वी जायसवाल 8 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद युवा बैटर वैभव सूर्यवंशी ने तेज बैटिंग की. उन्होंने सिर्फ 26 गेंद का सामना किया और 78 रन बना दिए. इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. वैभव ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए और महज 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. पावरप्ले में ही राजस्थान का स्कोर 97 रन पहुंच गया था. वैभव शतक की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन क्रुणाल पंड्या ने उन्हें आउट कर दिया.
ध्रुव जुरेल और जडेजा ने मैच जिताया
वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने एक छोर संभाले रखा. वैभव और जुरेल के बीच दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 108 रन की साझेदारी हुई. 134 रन के स्कोर पर शिमरोन हेटमायर और कप्तान रियान पराग जल्दी पवेलियन लौट गए. चार विकेट गिरने के बाद जुरेल को रविंद्र जडेजा का साथ मिला. जुरेल ने 43 गेंद पर नाबाद 81 रन बनाए, जिसमे 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. जडेजा 25 गेंद पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों ने पांचवे विकेट के लिए 68 रन की नाबाद साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी.
बेंगलुरु का टॉप आर्डर पूरी तरह फेल
इससे पहले राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. बेंगलुरु की शुरुआत बेहद खराब रही. जोफ्रा आर्चर ने मैच की पहली ही गेंद पर फिल साल्ट को आउट कर दिया. देवदत्त पडिक्कल 7 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए. विराट कोहली अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए. वह 16 गेंद में 32 रन बनाकर रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए. जितेश शर्मा ने 5 रन बनाए. टिम डेविड और क्रुणाल पंड्या का बल्ला भी शांत रहा. रोमारियो शेफर्ड 11 गेंद में 22 रन बनाकर जडेजा का शिकार बने.
रजत पाटीदार ने खेली कप्तानी पारी
लगातार विकेट गिरने के बीच बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार एक छोर पर डटे रहे. रजत ने 40 गेंद का सामना करते हुए 63 रन की अहम पारी खेली. इस पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. आखिरी ओवरों में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए वेंकटेश अय्यर ने भी तेज बैटिंग की. रजत और वेंकटेश ने मिलकर 19 गेंद में 41 रन जोड़े. वेंकटेश अय्यर 15 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद लौटे. इन दोनों की बैटिंग के दम पर ही बेंगलुरु की टीम 201 रन के स्कोर तक पहुंच पाई.
आर्चर और बिश्नोई की सधी हुई गेंदबाजी
राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई ने सबसे अच्छी गेंदबाजी की. दोनों ने अपने स्पेल में दो-दो विकेट हासिल किए. बृजेश शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विकेट निकाले. अनुभवी गेंदबाज रविंद्र जडेजा और संदीप शर्मा को एक-एक सफलता मिली. जोफ्रा आर्चर ने पारी की शुरुआत में ही विकेट निकालकर बेंगलुरु को दबाव में ला दिया था. बिश्नोई ने बीच के ओवरों में विराट कोहली का बड़ा विकेट लेकर रन रेट को धीमा कर दिया.
ये भी पढ़ें-
वैभव सूर्यवंशी का तूफान: 15 गेंद में लगाई फिफ्टी, हेजलवुड का किया बुरा हाल
रवि बिश्नोई की गेंद पर गच्चा खा गए किंग कोहली, क्लीन बोल्ड होकर लौटे पवेलियन
Video: जोफ्रा आर्चर ने पहली गेंद पर फिल साल्ट को भेजा पवेलियन, संकट में RCB
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










