नगर परिषद ने होटल संचालकों को भेजा नोटिस

Updated:
विज्ञापन
नगर परिषद ने होटल संचालकों को भेजा नोटिस

होटलों में अनैतिक गतिविधि के साथ बिल्डिंग नियम उल्लंघन के मामले में भी होगी जांच

विज्ञापन

होटलों में अनैतिक गतिविधि के साथ बिल्डिंग नियम उल्लंघन के मामले में भी होगी जांच

प्रतिनिधि, गढ़वा

गढ़वा शहर के होटलों में देह व्यापार के काले खेल का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने अपनी रणनीति बदल दी है. अनैतिक देह व्यापार के साथ-साथ अब इन होटलों पर बिल्डिंग बायलॉज का कानूनी दंड भी लागू होगा. सोमवार को हुई संयुक्त छापेमारी के बाद गढ़वा के एसडीएम संजय कुमार के निर्देश पर नगर परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है. जिन तीन होटलों को सील किया गया था, उनके संचालकों को नोटिस जारी कर भवन का स्वीकृत नक्शा और संबंधित दस्तावेज मांगे गये हैं. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि होटल सील होने के कारण शुरुआती नोटिस को गेट पर ही चस्पा किया गया था. चूंकि मामला गंभीर है, इसलिए अब होटल संचालकों को रजिस्ट्री डाक के माध्यम से रिमाइंडर भेजा जा रहा है. यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब और वैध नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया, तो इन भवनों के अवैध हिस्सों के लिए विधिवत प्रक्रिया शुरू की जा सकती है. बता दें कि सोमवार को एसडीएम ने कार्रवाई कर होटल एसएनसी (सोनपुरवा), आरडीएस होटल (स्टेशन रोड), तिवारी इन (रंका मोड़) को अनैतिक कार्य में संलिप्त होने पर सील किया था. वहीं बस स्टैंड स्थित रघुनंदन रेजिडेंसी की मुश्किलें बढ गयीं हैं. छापेमारी के दौरान वहां कई तकनीकी विसंगतियां पायीं गयीं. प्रशासन यह जांच कर रहा है कि क्या इन होटलों के पास फायर सेफ्टी एनओसी है और क्या पार्किंग की जगह का व्यावसायिक उपयोग कर नियमों की अनदेखी की गयी है. एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि होटल की आड़ में गंदा धंधा करने वालों को न केवल जेल भेजा जायेगा, बल्कि उनके अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई होगी.

इन तीन बिंदुओं पर होगी जांच

लैंड यूज का उल्लंघन: क्या रिहायशी जमीन पर बिना अनुमति व्यावसायिक होटल खड़ा किया गया?

नक्शा विचलन: स्वीकृत नक्शे से कितना अधिक निर्माण किया गया है?

पार्किंग स्पेस: क्या नक्शे में दिखायी गयी पार्किंग की जगह पर अवैध रूप से कमरे बना दिये गये हैं?

…………………

कोट

शहर की गरिमा के खिलाफ ऐसी घृणित गतिविधियां किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं. नगर परिषद को इन होटलों के नक्शा विचलन और अवैध निर्माण की गहन जांच के निर्देश दिये हैं. यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जायेगी.

संजय कुमार, एसडीएम, गढ़वा

…………..

होटल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. चूंकि होटल सील हैं, इसलिए उन्हें रजिस्ट्री के जरिए रिमाइंडर भेजा जा रहा है. नियमों का उल्लंघन मिलने पर नगर पालिका अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई होगी.

सुशील कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद गढ़वा

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola