East Singhbhum News : गुड़ाबांदा में होमगार्ड जवान की मौत, परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 05 Apr 2026 12:10 AM
जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में तैनात था जवान
गुड़ाबांदा. गुड़ाबांदा प्रखंड के आसनबनी गांव निवासी होमगार्ड जवान जगन्नाथ महतो (45) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. जगन्नाथ महतो वर्तमान में जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में ड्यूटी पर तैनात थे. परिजनों के अनुसार तीन दिन पहले वे अपने डेरे में घायल पाये गये थे. शुक्रवार को जब वे गांव लौटे, तो उनकी स्थिति और ज्यादा बिगड़ गयी.
इलाज के दौरान तोड़ा दम, सिर के पीछे मिले चोट के निशान
तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल बनमाकड़ी स्थित मेसो अस्पताल ले जाया गया, यहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया. अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जिससे मामला पूरी तरह से संदिग्ध नजर आ रहा है.
परिजनों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
जवान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों ने पुलिस को सूचित करते हुए कहा कि जगन्नाथ महतो कैसे घायल हुए और उनके सिर पर चोट कैसे आई, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार लगाई है. सूचना मिलते ही गुड़ाबांदा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घाघीडीह में ड्यूटी के दौरान या डेरे पर उनके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हुई थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
धोखाधड़ी मामले में डाककर्मी गिरफ्तार, गया जेल
चाकुलिया. चाकुलिया पुलिस ने वर्ष 2025 के एक धोखाधड़ी एवं लोन नहीं चुकाने के मामले में डाककर्मी रवींद्र मांडी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. रवींद्र मांडी के खिलाफ कांड संख्या 58/25 दिनांक 30.08.2025 धारा 318(4)/ 316(2) बीएनएस के तहत चाकुलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. रवींद्र पर आरोप है कि उसने स्टेट बैंक से 6 लाख रुपये का लोन लेकर चुकाया नहीं. चाकुलिया थाना क्षेत्र स्थित बड़ामारा गांव से उसके घर से गिरफ्तार किया गया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










