East Singhbhum News : प्रखंड के 105 आंगनबाड़ी व 101 विद्यालयों में पेयजल व शौचालय की समुचित व्यवस्था करें
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 09 Apr 2026 11:48 PM
अधूरे आवासों को जल्द पूरा करने और खराब चापाकलों की मरम्मत करें
मुसाबनी. पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को मुसाबनी प्रखंड सभागार में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों की समीक्षा की. उन्होंने आवास, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि सहित सभी 41 महत्वपूर्ण सूचकांकों पर चर्चा की. विकास कार्यों में तेजी लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उपायुक्त ने सभी को टीम भावना के साथ काम करते हुए मुसाबनी को विकास के मानकों पर अव्वल लाने का लक्ष्य दिया. उपायुक्त ने प्रखंड के सभी 105 आंगनबाड़ी केंद्रों और 101 विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. उन्होंने विद्यालयों में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालयों का निर्माण और रखरखाव के आदेश दिये. जेएसएलपीएस को निर्देश दिया कि प्रखंड के सभी गांवों और टोलों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाये, ताकि उनका आर्थिक सशक्तीकरण हो सके. प्रखंड की नौ पंचायतों में भारत नेट कनेक्टिविटी में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने योजनाओं के डिजिटल सुदृढ़ीकरण की बात कही. अधूरे आवासों को बिना किसी विलंब के पूरा करने को कहा. क्षेत्र के खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत का आदेश दिया. बैठक के पश्चात उपायुक्त सीधे पश्चिमी बादिया आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे. वहां बच्चों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया. फेस कैप्चरिंग एंट्री (उपस्थिति प्रणाली) की जानकारी ली. उन्होंने पूर्वी मुसाबनी पंचायत स्थित जिला परिषद डाक बंगला का अवलोकन कर उसकी स्थिति देखी. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, बीडीओ सह सीओ पवन कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुंदरलाल मार्डी, बीइइओ तजिंद्र कौर, ब्लॉक फेलो श्वेता कुमारी सहित विद्युत, पशुपालन, पेयजल और वन विभाग के कई अधिकारी, पंचायत सचिव और कर्मचारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










