प्रधान सहायक की गैर-हाजिरी पर भड़के सांसद सुखदेव भगत, कार्रवाई की कर दी अनुशंसा
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 02 Jun 2026 8:11 PM
गुमला के बसिया प्रखंड कार्यालय में बैठक करते सांसद सुखदेव भगत. फोटो: प्रभात खबर
Gumla News: गुमला के बसिया प्रखंड दौरे पर सांसद सुखदेव भगत ने विकास योजनाओं की समीक्षा की. मनरेगा बैठक में प्रधान सहायक की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की. उन्होंने आवास योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने मंगलवार को बसिया प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं और सरकारी कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. समीक्षा बैठक के दौरान मनरेगा से जुड़ी समीक्षा में प्रधान सहायक की अनुपस्थिति पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई और उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा कर दी.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
बसिया पहुंचने के बाद सांसद सुखदेव भगत ने सबसे पहले बन विश्रामागार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई. कार्यकर्ताओं ने सांसद को क्षेत्र में चल रही योजनाओं की स्थिति और लोगों की समस्याओं से अवगत कराया. सांसद ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए.
आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
इसके बाद प्रखंड सभागार में स्थानीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई. सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि बारिश शुरू होने से पहले सभी लंबित आवासों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए. उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को समय पर आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
प्राकृतिक आपदा सहायता की जानकारी ली
समीक्षा बैठक के दौरान सांसद ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को मिलने वाली सहायता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की. उन्होंने पूछा कि घर क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में प्रभावित लोगों को किस प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाती है. इस पर अंचल अधिकारी ने बताया कि ऐसे मामलों में आपदा राहत कोष के माध्यम से मुआवजा देने का प्रावधान है. सांसद ने निर्देश दिया कि पात्र लोगों तक राहत राशि समय पर पहुंचनी चाहिए.
बैंक अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
सांसद सुखदेव भगत ने एसबीआई कोनबीर शाखा के कार्यों की भी समीक्षा की. उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीब, ग्रामीण और अशिक्षित ग्राहकों को विशेष सहायता प्रदान की जाए. उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं से जुड़े मामलों में लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
प्रधान सहायक की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान जब मनरेगा योजनाओं की समीक्षा शुरू हुई तो प्रधान सहायक सदानंद बैठक में अनुपस्थित पाए गए. इसे लेकर सांसद काफी नाराज नजर आए. उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहना वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. सांसद ने संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए मनरेगा समीक्षा बैठक को स्थगित कर दिया. उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने ऐसा प्रखंड पहले कभी नहीं देखा, जहां जिम्मेदार कर्मी समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहें.
रेफरल अस्पताल का भी किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद सांसद ने बसिया रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विजय लकड़ा से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त की और कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से रिक्त पदों को भरने का आग्रह करेंगे.
इसे भी पढ़ें: नाप दिए गए छतरपुर के एमओ साहब, वित्त मंत्री की अनुशंसा के बावजूद नहीं किए थे राशन कार्डधारी का काम
दिवंगत नेताओं के परिजनों से की मुलाकात
दौरे के अंतिम चरण में सांसद सुखदेव भगत ने दिवंगत कांग्रेस नेता गणेश महंती के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. इसके अलावा उन्होंने युवा कांग्रेस नेता सुशील होता की माता तथा पूर्व प्रखंड अध्यक्ष गोकुल होता का कुशलक्षेम भी जाना. इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष विकास साहू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास योजनाओं की समीक्षा करना ही नहीं, बल्कि लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है.
इसे भी पढ़ें: मापी पुस्तिका देने के नाम पर घूस मांगने का आरोप, सरायकेला डीसी से की गई शिकायत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










