East Singhbhum News : शौचालय में गंदगी व खराब भोजन देख लगायी फटकार

नरकीय जीवन जीने को मजबूर आवासीय विद्यालय के 248 छात्र
पोटका. आदिवासी कल्याण विभाग द्वारा पोटका प्रखंड की ग्वालकाटा पंचायत में संचालित राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय में भारी अव्यवस्था का मामला सामने आया है. शनिवार सुबह 9 बजे पोटका के विधायक संजीव सरदार ने जब प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नीरज सिंह के साथ स्कूल का निरीक्षण किया, तो वहां की बदहाली देखकर दंग रह गये.
बेड पर बेडशीट नहीं और शौचालय से आ रही थी बदबू
निरीक्षण के दौरान छात्रावास के किसी भी बेड पर बेडशीट नहीं मिली. भीषण गर्मी के बावजूद कमरों से पंखे गायब थे और शौचालयों की गंदगी से पूरे छात्रावास में बदबू फैल रही थी. विधायक ने प्रधानाध्यापक शशिकांत पाठक और अधीक्षक हेमंत कुमार को फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर सुधार करने का सख्त निर्देश दिया.
किताब बेचकर फुटबॉल खरीदते हैं छात्र
छात्रावास के 248 छात्रों ने विधायक को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि नाश्ते में केला, इडली या उपमा कभी नहीं मिलता. दूध में पानी मिला रहता है, हॉर्लिक्स की जगह चीनी दी जाती है. सब्जी में घटिया तेल के इस्तेमाल से बदबू आती है. छात्रों से रसोइया बाहर से पानी मंगवाता है. खेल सामग्री मांगने पर छात्रों के भोजन में कटौती कर दी जाती है. छात्रों ने बताया कि वे अपनी किताबें बेचकर फुटबॉल खरीदने को मजबूर हैं. छह साल से जेनरेटर खराब है. बिजली कटने और भीषण गर्मी के कारण बच्चों को खुजली हो गयी है.छह माह में सुधरेगी व्यवस्था : विधायक
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बच्चों की स्थिति देखकर स्पष्ट है कि वे यहां नरकीय जीवन जी रहे हैं. उन्होंने मामले की जानकारी डीडीसी को दे दी है. विधायक ने कहा कि वे स्वयं इस स्कूल की निगरानी करेंगे और 6 माह के भीतर सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्टाफ के व्यवहार और सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ, तो सीधे विभागीय कार्रवाई की जाएगी. वहीं, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि खामियों पर विद्यालय प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा जायेगा और दोषियों पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










