East Singhbhum News : गालूडीह से चोरी हुई वैन बरामद, ओडिशा से दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
East Singhbhum News : गालूडीह से चोरी हुई वैन बरामद, ओडिशा से दो गिरफ्तार

पुलिस ने गठित की थी 14 सदस्यीय जांच टीम, 28 दिसंबर को चोरी हुआ था वाहन

विज्ञापन

गालूडीह. गालूडीह से यात्री वाहन (विंगर वैन) की चोरी के महज सात दिन के भीतर पुलिस ने मामले का उद्भेदन कर दिया है. पुलिसिया कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. गालूडीह पुलिस ने ओडिशा से दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गयी विंगर वैन को भी बरामद कर लिया है. रविवार को गालूडीह थाना में थाना प्रभारी अंकु कुमार ने अपनी पूरी टीम के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गालूडीह के कालीमाटी क्षेत्र में 28 दिसंबर की रात करीब दो बजे असीम दत्ता के घर के सामने सड़क किनारे खड़ी यात्री विंगर वैन (नंबर डब्ल्यूबी 25 एफ/7922) की चोरी कर ली गयी थी. चोरी गये वाहन की वर्तमान कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये आंकी गयी थी. इस संबंध में गालूडीह थाना में अज्ञात चोर गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले

थाना प्रभारी अंकु कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला के नेतृत्व में 14 सदस्यीय विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्य और अन्य माध्यमों से सूचना एकत्र करते हुए विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की. इस दौरान करीब दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गये. गुप्त सूचना पर ओडिशा के मयूरभंज जिला अंतर्गत तिरिंग थाना क्षेत्र से मांझी टुडू उर्फ प्रेम टुडू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर गालूडीह से विंगर वैन चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके बाद उसके सहयोगी सत्यवान कुंभकार( वेल्डिंग और वाहन पेंटिंग का काम करता है) को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने सत्यवान कुंभकार के घर के पीछे से चोरी गयी विंगर वैन को बरामद कर लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. ये आरोपी पूर्व में भी इस तरह के मामलों में जेल जा चुके हैं. पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, जिससे आगे और भी चोरी की गाड़ियों की बरामदगी होने की आशंका है. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Atul Pathak

लेखक के बारे में

By Atul Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola