East Singhbhum News : बिजली कटने पर अंधेरे में रहती हैं 350 छात्राएं, बाउंड्री पर चिंता

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 08 Apr 2026 12:04 AM

विज्ञापन

कर्मियों और गार्ड से ली जानकारी, सुरक्षा में लापरवाही पर दी चेतावनी

विज्ञापन

गुड़ाबांदा. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) मनोज कुमार और बीडीओ डांगुर कोड़ाह ने मंगलवार को ज्वालकांटा गांव स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. डीइओ को विद्यालय में छुट्टी होने की जानकारी मिली. उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों और गार्ड से व्यवस्था की जानकारी ली. डीइओ ने गार्ड और कर्मचारियों से कहा कि छात्राओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. विद्यालय की चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) छोटी होने पर चिंता जताते हुए इसे जल्द ऊंचा कराने और निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया. विद्यालय की दो बड़ी समस्याएं सामने आयीं. विद्यालय में रात के समय बिजली कट जाने पर प्रकाश का कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं है. इसके कारण छात्रावास में रहने वाली 350 छात्राएं अंधेरे में रहती हैं. वहीं, विद्यालय के बाहर बना सेफ्टी टैंक काफी छोटा है, जिससे गंदा पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के खेतों में बह रहा है. इससे फैल रही गंदगी और बदबू के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है. अधिकारियों ने समस्या को जल्द सुधारने का आश्वासन दिया.

खेलकूद सुविधाएं बढ़ाने व सफाई रखने का निर्देश:

प्रशासनिक टीम ने छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता, परिसर की साफ-सफाई और खेलकूद से जुड़ीं गतिविधियों की जानकारी ली. अधिकारियों ने संबंधित प्रभारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाये रखें. छात्राओं को पढ़ाई के साथ बेहतर खेल सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जायें.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola