East Singhbhum News : बरसोल : ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, चालक गंभीर
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 06 Apr 2026 12:15 AM
ट्रक पलटने से लगा जाम, तीन घंटे तक आवागमन ठप
बरसोल. बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर चौक पर रविवार शाम एक सड़क दुर्घटना हुई. कोलकाता से लोहे का सामान लेकर जमशेदपुर जा रहा एक 12 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया. इस दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. ट्रक पलटने से उसपर लदा भारी मात्रा में लोहे का सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे जमशेदपुर जाने वाला मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. लगभग 3 घंटे तक आवागमन ठप रहा और जाम की स्थिति बनी रही. यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस ने अन्य गाड़ियों को जगन्नाथपुर चौक के कटिंग से डायवर्ट कर बारासती चौक की ओर से भेजा. दुर्घटना में ट्रक चालक दीपेश यादव (25), जो बिहार के गया जिले का निवासी है, बुरी तरह घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को तुरंत बहरागोड़ा अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है. जिसके बाद सड़क पर बिखरे लोहे के सामान और पलटे हुए ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुलायी गयी. घंटों की मशक्कत के बाद ट्रक और सामान को किनारे कर सड़क को यातायात के लिए दोबारा खोला गया. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी थी.
डुमरिया में स्कूटी के धक्के से दो महिलाएं गंभीर
डुमरिया. डुमरिया थाना क्षेत्र के दुबलाबेड़ा गांव में रविवार की शाम स्कूटी की चपेट में आने से दुबलाबेड़ा निवासी 55 वर्षीय लाड़गु पूर्ति और 41 वर्षीय जानो बांडरा गंभीर रूप से घायल हो गयीं. इस हादसे में लाड़गु पूर्ति का बांया पैर टूट गया. परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाएं ढेंगाम साप्ताहिक बाजार से पैदल घर लौट रही थीं, तभी गांव के पास तीन लोगों सवार स्कूटी ने उन्हें धक्का मार दिया. दोनों महिलाएं गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्कूटी सवारों को हल्की चोटें आईं. लाड़गु पूर्ति को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. घटना की सूचना डुमरिया थाना को दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










