आधार फेंक दी चुनौती, तीन घंटे में धराया

Updated at : 30 Aug 2017 5:15 AM (IST)
विज्ञापन
आधार फेंक दी चुनौती, तीन घंटे में धराया

पीएनबी घाटशिला शाखा बैंक खुलते ही घुसा युवक, कैशियर से 1.06 लाख लूटे घाटशिला : पंजाब नेशनल बैंक की घाटशिला शाखा से मंगलवार को एक युवक ने 1.06 लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस को चुनौती देने के लिये वह अपना आधार कार्ड वहीं फेंकता गया. आधार कार्ड के माध्यम से उसकी […]

विज्ञापन

पीएनबी घाटशिला शाखा बैंक खुलते ही घुसा युवक, कैशियर से 1.06 लाख लूटे

घाटशिला : पंजाब नेशनल बैंक की घाटशिला शाखा से मंगलवार को एक युवक ने 1.06 लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस को चुनौती देने के लिये वह अपना आधार कार्ड वहीं फेंकता गया. आधार कार्ड के माध्यम से उसकी पहचान हो गयी और घटना के तीन घंटे के अंदर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बैंक खुलते ही मंकी टोपी पहने व हाथ में भुजाली लिये एक युवक कैशियर के पास पहुंचा. उसने कैशियर अमित कुमार दे की गर्दन पर भुजाली रख पैसे मांगे. कैशियर ने काउंटर पर रखे एक लाख छह हजार 90 रुपये दे दिये. मात्र तीन मिनट में वह बैंक से पैसे लेकर फरार हो गया.
भागते समय दरवाजे के पास रुककर उसने अपना आधार कार्ड अंदर फेंक दिया और वहां मौजूद कर्मचारियों से उसे पुलिस को दे देने को कहा. कार्ड के आधार पर पुलिस ने आरोपी बबलू मुर्मू को मुसाबनी के काठसाकड़ा से गिरफ्तार कर लिया. शाखा प्रबंधक एके पातर के बयान पर धारा 392 के तहत आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
पत्रकार की मदद से हुई पहचान
घटना की सूचना शाखा प्रबंधक ने पुलिस को सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर दी. पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट कर दिया. ग्रामीण एसपी प्रभात कुमार बैंक शाखा पहुंचे. सीसीटीवी फुटेज खंगाला. एक घंटे तक एसडीपीओ राजेंद्र कुमार दुबे युवक की पहचान में जुटे रहे. सीसीटीवी फुटेज से युवक की कई तसवीरें निकाली गयी, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो पायी.
बाद में एसडीपीओ ने एक पत्रकार को युवक का आधार कार्ड दिखाया. पत्रकार के कहने पर पुलिस ओम होटल गयी. होटल मालिक बबलू इंद्री ने बताया कि बबलू मुर्मू चार दिन पूर्व काम छोड़कर जा चुका है. पुलिस होटल मालिक को लेकर बैंक पहुंची और वहां सीसीटीवी फुटेज व आरोपी का आधार कार्ड दिखाया तो उसने युवक की पहचान बबलू मुर्मू के रूप में की.
बैंक शाखा में नहीं है सुरक्षा गार्ड
सितंबर 2016 में पीएनबी बैंक की शाखा का उदघाटन हुआ. शुरू से बैंक में सुरक्षा गार्ड नहीं है. बैंक प्रबंधक अशोक कुमार पातर का कहना है कि सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति नहीं हुई है. मंगलवार को बैंक में उनके साथ कैशियर और चपरासी ही थे.
…इसे पुलिस को दे देना और कहना मुझे खोज ले
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंक में उस समय भीड़ नहीं थी. बबलू मुर्मू सुबह 10 बजकर 6 मिनट पर बैंक में घुसा और रुपये लेकर 10 बजकर 09 मिनट पर फरार हो गया. निकलते समय उसने पैंट की जेब में रुपये रखे. उसके बाद उसने पीठ पर लटका बैग व भुजाली को नीचे रखा और पर्स से आधार कार्ड निकालकर कर बैंक शाखा में फेंक दिया. बैंक कर्मचारियों का कहना है कि आधार कार्ड फेंकते हुए उसने कहा कि इसे पुलिस को दे देना और कहना मुझे खोज ले. इस दौरान बैंक मैनेजर अशोक कुमार पातर ने उसका पीछा करने की कोशिश की, तब तक वह िनकलकर भाग गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola