शिक्षा व्यवस्था पर DC सख्त: अगस्त महीने में शिक्षकों की उपस्थिति खराब मिली तो रुकेगा वेतन

Updated:
विज्ञापन

बैठक में दिशा-निर्देश देते उपायुक्त अभिजीत सिन्हा | Prabhat Khabar Network

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति पर सख्ती दिखाई है। अगस्त में उपस्थिति खराब होने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में बुधवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति, आधार कार्ड निर्माण, मध्याह्न भोजन, विद्यालय भवनों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में उपायुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि अगस्त माह में जिन शिक्षकों की उपस्थिति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.

मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी के निर्देश

स्कूली बच्चों के आधार कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बताया कि जिले के लगभग 73 प्रतिशत बच्चों का आधार कार्ड बन चुका है. उन्होंने शेष बच्चों का आधार कार्ड शीघ्र बनाकर इस कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया. मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन करने और भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए.

विद्यालयों में निर्माणाधीन शौचालयों का कार्य शीघ्र पूरा करें- डीसी

बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालयों में निर्माणाधीन नए कक्षों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को अतिरिक्त बेंच-डेस्क की आवश्यकता का आकलन कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा. साथ ही विद्यालयों में निर्माणाधीन शौचालयों का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा शिक्षा विभाग के सभी स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति दर्शाने वाली विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया.

ये भी पढ़ें- चोर को पकड़ने के बाद पुलिस टीम पर हमला, भूली ओपी के SI हरिप्रकाश मिश्रा घायल

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पिछले एक माह के दौरान विद्यालयों से संबंधित प्रकाशित शिकायतों एवं समाचारों की रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यालय की दीवार, छत अथवा भवन का कोई हिस्सा जर्जर या कमजोर स्थिति में है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय रहते मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था कर किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके.

विद्यालयों के शिक्षकों के लिए होगा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम

उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को कल्याण विभाग की ओर से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली साइकिलों का वितरण शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में उपायुक्त ने घोषणा की कि उनके स्तर से प्रत्येक माह जिले के विद्यालयों के शिक्षकों के लिए पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. विद्यार्थियों की उपस्थिति, विद्यालय की स्वच्छता, स्पोकन इंग्लिश, शैक्षणिक गुणवत्ता और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा.

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव नहीं होना चाहिए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न हो. बैठक में डीडीसी, डीईओ, डीएसई, सभी बीईईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें- JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामला: TDPL का एकाउंटेंट, पूर्व अध्यक्ष खियांग्ते के स्टाफ समेत 5 गिरफ्तार


विज्ञापन
Anand Jaswal

लेखक के बारे में

By Anand Jaswal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola