दुमका: जिस कुएं से बुझती थी गांव की प्यास, उसी में समा गई मासूम अमन की जिंदगी

Updated:
विज्ञापन

बेटे की मौत से सदमे में मां

Dumka News : दुमका के गोपीकांदर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय अमन किस्कू की कुएं में गिरने से मौत हो गई. सुबह कुएं में उसका शव मिलने से गांव में मातम पसर गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

पंकज मंडल की रिपोर्ट 

Dumka News : दुमका जिला के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के जियापानी (धबोरना) प्रधान टोला में शनिवार रात हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया. पांच वर्षीय मासूम अमन किस्कू की कुएं में गिरने से मौत हो गई. जिस कुएं से रोज ग्रामीणों के घरों में पानी पहुंचता था, रविवार सुबह उसी कुएं से मासूम की जिंदगी की आखिरी खबर सामने आई.

रात में मां के साथ सोया था अमन, सुबह नहीं मिला 

मृतक की मां डोली टुडू ने बताया कि शनिवार रात वह अपने बेटे अमन के साथ एक ही खटिया पर मच्छरदानी लगाकर सोई थी. रात करीब तीन बजे अचानक नींद खुली तो अमन पास में नहीं था. इसके बाद परिवार वालों ने गांव में उसकी खोजबीन शुरू कर दी. रात के अंधेरे में परिजन मासूम को ढूंढते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

पानी भरने पहुंची महिला ने देखा कुएं में शव

रविवार सुबह करीब पांच बजे गांव की एक महिला हर दिन की तरह करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित कुएं से पानी लाने पहुंची थी. बाल्टी डालते समय उसकी नजर कुएं में तैरते हुए अमन के शव पर पड़ी. महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और शव को बाहर निकाला गया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अमन पिछले करीब तीन वर्षों से अपने नाना सुरेश टुडू के घर रह रहा था. नाना ने बताया कि अमन घर का दुलारा था. उसकी अचानक मौत से परिवार सदमे में है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते कुएं के पास पहुंचे.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना पर गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत के निर्देश पर एएसआई मनोज सोरेन, राजन सिंह एवं धर्मल मांझी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया. थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

मासूम की मौत से गांव में शोक

अमन की मौत की खबर के बाद धबोरना प्रधान टोला में सन्नाटा पसरा है. जिस उम्र में बच्चे खेलते-कूदते हैं, उस उम्र में एक मासूम की जिंदगी यूं खत्म हो जाने से ग्रामीणों की आंखें नम है.

यह भी पढ़ें: झारखंड पारा मेडिकल परीक्षा की तारीख घोषित, ऑनलाइन होगी परीक्षा, JSSC ने जारी की चेतावनी

यह भी पढ़ें: गुमला में भारी बवाल, सिसई में बेकाबू हाइवा ने देवी मंडप मंदिर को किया ध्वस्त, गुस्से में ग्रामीणों ने घेरा वाहन

विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola