150 छात्रों के लिए दो शौचालय और दूषित पानी : स्कूल छात्रावास की बदहाली पर छात्रों में आक्रोश

Updated:
विज्ञापन

समाहरणालय पहुंचे हॉस्टल में रहनेवाले छात्र | Prabhat Khabar Network

दुमका के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से छात्र परेशान. छात्रों ने प्रशासन से एक सप्ताह में समस्याओं के समाधान की मांग की.

विज्ञापन

दुमका नगर : सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, जिला स्कूल दुमका के आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास संख्या-1 में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर छात्रों में नाराजगी है. करीब 150 छात्रों के लिए मात्र दो शौचालय, नियमित एवं स्वच्छ पेयजल की कमी, छात्रावास परिसर में गंदगी और जर्जर भवन के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्रों का आरोप है कि समय पर पानी की आपूर्ति नहीं होती और कई बार उपलब्ध पानी भी स्वच्छ नहीं होता. वहीं छात्रावास का सेप्टिक टैंक भर जाने के कारण गंदा पानी परिसर में फैलने तथा संक्रमण का खतरा बना हुआ है.

भोजन से लेकर जलावन तक की जिम्मेदारी छात्रों पर

छात्रों ने बताया कि पर्याप्त रसोइया एवं भोजन की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें स्वयं दो वक्त का भोजन तैयार करना पड़ता है. भोजन बनाने के लिए जलावन की लकड़ी जुटाने के लिए छात्रों को छात्रावास से काफी दूर तक जाना पड़ता है. इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. छात्रों के अनुसार, छात्रावास भवन की स्थिति भी जर्जर है. मरम्मत के नाम पर केवल रंगाई-पुताई कर दी जाती है, जबकि भवन की वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है.

झारखंड क्रांति सेना ने उपायुक्त से मांगा तत्काल हस्तक्षेप

छात्रों की अगुवाई कर रहे झारखंड क्रांति सेना के निखिल मुर्मू ने उपायुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की. उन्होंने छात्रावास में पर्याप्त शौचालय, स्वच्छ पेयजल, सेप्टिक टैंक की सफाई, पर्याप्त रसोइया एवं भोजन की व्यवस्था, परिसर की नियमित सफाई तथा भवन का वास्तविक जीर्णोद्धार कराने का आग्रह किया. साथ ही सभी समस्याओं का अधिकतम एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने की मांग की.

अधिकारियों ने एक सप्ताह में समाधान का दिया आश्वासन

छात्रों ने समाहरणालय पहुंचकर जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात कर छात्रावास की समस्याओं से अवगत कराया. इस दौरान उपस्थित पदाधिकारी ने तत्काल शौचालय की सफाई, पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने तथा अन्य समस्याओं का भी एक सप्ताह के अंदर समाधान करने का आश्वासन दिया.

बुनियादी सुविधाओं के लिए छात्रों ने उठाई आवाज

छात्रों का कहना है कि छात्रावास पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों का आश्रय स्थल है. ऐसे में उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखना उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा पर प्रतिकूल असर डाल रहा है. उन्होंने प्रशासन से आश्वासन के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.

मौके पर बहादुर मुर्मू, अम्पाय हेंब्रम, मनोज, राजा, अनुज मुर्मू, विनोद, सोमलाल, अनस, प्रदीप, महेश, पत्रस, संजय, रवि, महेश्वर, वीरेंद्र, पप्पू, सुमित, इस्माइल, अजीत, रमेश, राजू, अमन, आर्यन, आनंद मंटू, अभिषेक, डेविड, संदीप, अरविंद, अंकित, सूर्य, कौशल, मनोहर, सागर, जोगेश, परिमल, जयदेव, विष्णु लाल, रोहित, प्रीतम, आलोक, सगन, दीपक, राजाराम, श्रीजल, विलियम, जोसेफ, राहुल, संजीव, मुन्ना, सोहन, सुभाष, परवीन, सुरेंद्र, साजन सहित काफी संख्या में छात्र उपस्थित थे.


विज्ञापन
Anand Jayswal

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola