तोपचांची में पेड़ से लटका मिला 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना स्थल पर गिरा बैग व पेड़ से लटका शव | Prabhat Khabar Network
धनबाद के तोपचांची में बारह टकवा पहाड़ी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस शव की शिनाख्त करने और मामले की जांच में जुटी है।
तोपचांची: तोपचांची थानांतर्गत भुंईयाचितरो पंचायत की बारह टकवा पहाड़ी के समीप 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. जंगल में कालमेग का पत्ता लाने गये युवकों ने पहाड़ी की तराई में दुर्गंध आने की बात ग्रामीणों को बतायी. ग्रामीणों ने खोज-बीन की तो एक पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे झूलता एक शव देखा.
मुखिया प्रतिनिधि अजमत अंसारी घटनास्थल पहुंचे और तोपचांची थानेदार लव कुमार को सूचना दी. इसके बाद सब इंस्पेक्टर कुबेर साव, राकेश कुमार दुबे सदल बल घटनास्थल पहुंचे और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया.
चार से पांच दिनों से टंगा है पेड़ पर शव
दुर्गंध व दीमक लगे रहने के कारण शव उतारने में परेशानी हुई. शव को उतारनेवाले स्थानीय युवकों ने अनुमान से बताया कि शव चार-पांच दिन पुराना लगता है. बगल में पड़े एक काले बैग में पैंट-शर्ट थी. मृतक के पॉकेट से एक टूजी मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किया है. शव की शिनाख्त न होने के कारण तीन दिनों तक उसे धनबाद में रखा जायेगा. मृतक काली शर्ट व ब्लू जिंस पैंट में था. इस्तेमाल की गयी रस्सी बिलकुल नयी है. पुलिस शव को शिनाख्त करने में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










