गोमिया में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने खड़े ऑटो में मारी टक्कर, मजदूर गंभीर
गोमिया-करमाटांड़ मुख्य सड़क पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने खड़े ऑटो को टक्कर मारी, जिससे एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को रांची रेफर किया गया है.
गोमिया: गोमिया-करमाटांड़ मुख्य सड़क पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, गोमिया शाखा के समीप सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो से टकरा गयी. हादसे में सड़क किनारे बैठे एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल के बाएं पैर में गंभीर चोट आयी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो आइइएल आवासीय कॉलोनी की ओर से तेज गति से गोमिया की तरफ आ रही थी.
इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ऑटो को स्कॉर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इसी दौरान अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आकर सड़क किनारे सीमेंट की कुर्सी पर बैठा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल मजदूर की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. वह ससबेड़ा पूर्वी पंचायत के आदर्श नगर का रहनेवाला है.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उसे आइइएल स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो प्रमोद सिंह की है और घटना के समय उनका पुत्र बसंत सिंह वाहन चला रहा था.
सूचना मिलते ही गोमिया अंचलाधिकारी आफताब आलम मौके पर पहुंचे और घायल को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. आइइएल थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस वाहन चालक की मेडिकल स्थिति, घटना के कारण और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










