Dhanbad News: धनसार में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग में छात्र समेत दो घायल

पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में बुधवार की शाम आपसी विवाद में एक गुट ने फायरिंग कर दी.
धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में बुधवार की शाम आपसी विवाद में एक गुट ने फायरिंग कर दी. इसमें बरमसिया त्रिमूर्ति सदन निवासी विष्णु शर्मा (30 वर्ष) और दुर्गा मंदिर निवासी पुष्पक कुमार मिश्रा (21 वर्ष) गोली लगने से घायल हो गये. दोनों को एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है. विष्णु को दाहिनी जांघ, जबकि पुष्पक के पेट में गोली लगी है. उसकी हालत गंभीर है. फायरिंग होते ही वहां भगदड़ मच गयी.
पैसे को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद
घायल विष्णु शर्मा ने बताया कि उसका विकास वर्मा से लंबे समय से पैसे का विवाद चल रहा है. कुछ दिनों पहले उसने बकाया राशि की मांग की थी, जिससे विकास नाराज चल रहा था. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया है. उनसे पूछताछ चल रही है. पुलिस ने बताया कि अनिल यादव सहित अन्य हिरासत में हैं. शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
दादा के श्राद्ध-कर्म में घर आया है पुष्पक
घायल पुष्पक कुमार दिल्ली में पढ़ाई करता है. वह कुछ दिनों पहले अपने दादा के श्राद्धकर्म में शामिल होने बरमसिया दुर्गा मंडप स्थित घर आया था. पुष्पक बुधवार की शाम दोस्तों के साथ बरमसिया मैदान में बैठा था, तभी फायरिंग हुई. गोली उसके पेट में लगी. थाना में दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. घायल विष्णु कुमार ने बताया कि वह अपने मित्र के साथ मैदान में था, तभी विकास वर्मा, सुनील यादव, अनिल यादव, अभिषेक ठाकुर, प्रमोद पासवान, साहिल ठाकुर, सुमित यादव, विजय यादव, सुधीर यादव, अविनाश यादव पहुंचे और एकजुट होकर मारपीट की. विकास ने पिस्टल निकाली और फायरिंग कर दी. इससे वह और उसका मित्र दोनों घायल हो गये. वहीं बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड के पास रहनेवाले सुधीर यादव ने भी प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें उसने दीपक शर्मा, प्रकाश शर्मा, लाला शर्मा, सोनू गुप्ता, मोनू पासवान, एस गोप, छोटी गोप, अतीश शर्मा व अन्य पर मारपीट करने का आरोप लगाया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




