Dhanbad News : सिंदरी में शराब के नशे में पुलिस से उलझे दो युवक, थाना प्रभारी की वर्दी फटी
Published by : NARAYAN CHANDRA MANDAL Updated At : 08 Jun 2026 10:29 PM
Dhanbad News : सिंदरी में शराब के नशे में पुलिस से उलझे दो युवक, थाना प्रभारी की वर्दी फटी
Dhanbad News : रविवार देर रात लगभग 11.30 बजे दुकान के भाड़े के विवाद को लेकर शहरपुरा बाजार क्षेत्र में उस समय हंगामा हो गया, जब एक दूध स्टॉल संचालक मनोज पंडित के साथ दो युवकों द्वारा मारपीट की जा रही थी. विवाद बढ़ने पर मौके से गुजर रहे सिंदरी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने स्थिति को देखते हुए हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को रोकने का प्रयास किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थाना प्रभारी ने जब मारपीट कर रहे सुशील दुबे और अजीत चौधरी को समझाने की कोशिश की तो दोनों पुलिस अधिकारी से ही उलझ गए. बताया जाता है कि मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को यह भी बताया कि सामने थाना प्रभारी हैं, लेकिन उन्होंने बात अनसुनी कर दी और धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इस दौरान हाथापाई में थाना प्रभारी की वर्दी भी फट गयी. घटना की सूचना मिलते ही सिंदरी थाना से पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए. पुलिस ने इलाके में उनकी तलाश शुरू कर दी है. थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सुशील दुबे और अजीत चौधरी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी से उलझने, वर्दी फाड़ने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. साथ ही, दूध स्टॉल संचालक मनोज पंडित के साथ मारपीट और छिनतई के आरोप में भी अलग से केस दर्ज किया गया है. सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी कथित रूप से जैप और सीआरपीएफ में कार्यरत हैं. घटना के समय दोनों के नशे में होने की भी बात सामने आ रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










