Dhanbad News : दूसरे दिन भी एक घर में दरार पड़ने से आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम, वार्ता

Dhanbad News : दूसरे दिन भी एक घर में दरार पड़ने से आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम, वार्ता
Dhanbad News :मोदीडीह श्याम बाजार (सबरी बस्ती) में दूसरे दिन मंगलवार को भी एक घर में दरार पड़ी. उसके बाद वहां रह रहे लोग आक्रोशित हो गये. बताया जाता है कि पोया देवी के घर में दरार पड़ने से परिजन दहशत में आ गये. उन्होंने इसकी सूचना पड़ोसियों को दी, तो लोगों ने एकजुट होकर बीसीसीएल के खिलाफ नारेबाजी की. पहले भेलाटांड़- कतरास मुख्य मार्ग को जोगता मोड़ पर जाम पर आवागमन बाधित कर दिया. लगभग आधा घंटे तक जब किसी अधिकारी ने उनकी सुधि नहीं ली, तो लोग कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग सिजुआ 10 नंबर मोड़ के पर जाम कर दिया और सड़क पर ही धरना पर बैठ गये. उसके कारण आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया. बीसीसीएल का परिवहन भी ठप हो गया. लगभग एक घंटा तक सड़क जाम रहने के कारण बीसीसीएल अधिकारी आंदोलनकारियों के पास पहुंचे. जामस्थल पर ही पुलिस की उपस्थिति में आंदोलनकारियों से वार्ता की. उसमें तय हुआ कि प्रभावितों को तत्काल पुनर्वास के लिए पुराना श्याम बाजार के समीप कंपनी की भूमि पर बसाया जायेगा. अति प्रभावितों को स्थायी रूप से कंपनी आवास आवंटित किया जायेगा. भू-धंसान स्थल की तत्काल भराई करने पर सहमति बनी. इसके बाद आंदोलन को स्थगित किया गया. वार्ता में प्रबंधन की ओर से मैनेजर दशरथ सिंह, सितारे अहमद, संजीव सिंह, साजन महतो, नीरज गुप्ता, मजहर अंसारी शामिल थे.
ग्रामीणों ने कहा- कोयला तस्करी के कारण बस्ती में पड़ रही दरार
आंदोलन में शामिल ग्रामीणों का आरोप था कि सबरी बस्ती में भू-धंसान कोयले की अवैध कटाई से हुई है. आये दिन कोयला चोर बंद मुहाने से प्रवेश कर अंदर से कोयला कटाई कर लेते हैं, फलस्वरूप भू-धंसान हो रही है, जबकि बीसीसीएल अधिकारियों का कहना था कि जिस स्थल पर भू-धंसान हुई है, वहां हमेशा जलजमाव होता है. उसका पानी हमेशा भूमि के अंदर समाता रहता था. घटना से बुरी तरह से प्रभावित हुए अरुण रजक ने कहा कि घटना में हमलोग पूरी तरह से बर्बाद हो गये. पहले दैनिक मजदूरी कर अपना घर परिवार चलाते थे, किंतु भू-धंसान में हमारा घरेलू समान भी चला गया. घर में जो अनाज था वह भी खत्म हो गया. कहा कि बडी पुत्री गर्भवती है. ऐसी स्थिति में उसे और परेशानी हो रही है. हमलोग बगल स्थित सामुदायिक भवन में रह रहे हैं. भोजन बनाने के लिए चूल्हा तक नहीं जला है.प्रबंधन ने युद्धस्तर पर शुरू करायी भराई
प्रभावितों के साथ वार्ता के बाद मोदीडीह कोलियरी प्रबंधन ने गोफ की पेलोडर आदि से युद्धस्तर पर भराई कराना शुरू करायी.इस दौरान वहां जोगता पुलिस के साथ-साथ भारी संख्या में सीआइएसएफ के जवान भी मौजूद रहे. मौके पर मौजूद मोदीडीह के पीओ गोपाल जी ने कहा कि यह इलाका पूर्व से डेंजर जोन के रूप में चिन्हित है. इसलिए कभी भी भू-धंसान की घटना घट सकती है. इसका एक मात्र विकल्प बस्ती को खाली करना ही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




