गोविंदपुर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पहली बार हुआ संस्थागत प्रसव
उप स्वास्थ्य केंद्रों में डिलीवरी शुरू कराने की पहल. धनबाद के गोविंदपुर स्थित मुर्राडीह आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पहली बार संस्थागत प्रसव हुआ.
वरीय संवाददाता, धनबाद
धनबाद के गोविंदपुर प्रखंड के मुर्राडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सोमवार को पहली बार संस्थागत प्रसव कराया गया. यहां एक महिला को प्रसव के लिए लाया गया, जहां स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में उसका सुरक्षित प्रसव कराया गया. आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रसव की सुविधा शुरू होने से स्थानीय महिलाओं को अब डिलीवरी के लिए दूर स्थित अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही सुरक्षित प्रसव की सुविधा की उपलब्धता
दरअसल, जिले में संस्थागत प्रसव की स्थिति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहने पर उपायुक्त ने प्रखंडों के उप स्वास्थ्य केंद्रों में भी प्रसव की सुविधा शुरू कराने का निर्देश दिया है. इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना और संस्थागत प्रसव का प्रतिशत बढ़ाना है.
इसी निर्देश के तहत गोविंदपुर के मुर्राडीह आयुष्मान आरोग्य मंदिर में भी प्रसव की व्यवस्था शुरू की गयी. सोमवार को यहां पहली महिला का प्रसव कराया गया. स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है. विभाग की ओर से अन्य उप स्वास्थ्य केंद्रों में भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर संस्थागत प्रसव शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









