धनबाद के राशन लाभुकों के लिए बड़ी राहत, OTP से वितरण की सुविधा शुरू
यह फोटो एआई से बनाई गई है
धनबाद में राशन कार्ड धारकों के लिए ओटीपी आधारित राशन वितरण सुविधा फिर शुरू हो गई है। अब बायोमेट्रिक फेल होने पर भी आसानी से राशन प्राप्त किया जा सकेगा।
जिले के करीब 18.71 लाख राशन लाभुकों के लिए राहत की खबर है. धनबाद सहित झारखंड के सभी जिलों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत ओटीपी प्रमाणीकरण की सुविधा दोबारा शुरू हो गयी है. करीब 20 दिनों से सुविधा बंद रहने से अंगुली की छाप से प्रमाणीकरण (बायोमीट्रिक) नहीं होने पर लाभुकों को राशन लेने में परेशानी हो रही थी. अब इ-पोस मशीन पर ओटीपी से प्रमाणीकरण कर राशन लिया जा सकेगा.
4.29 लाख राशन कार्ड, 18.71 लाख सदस्य
जिला आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार धनबाद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 4,29,887 राशन कार्ड हैं. इनमें 3,95,681 प्राथमिकता वाले परिवार कार्ड और 34,206 अंत्योदय कार्ड शामिल हैं. इनसे कुल 18,71,094 सदस्य जुड़े हुए हैं. इसके अतिरिक्त जिले में 30,758 सफेद राशन कार्ड भी दर्ज हैं.
फिंगरप्रिंट नहीं चला तो ओटीपी से मिलेगा राशन
ओटीपी सुविधा शुरू होने से उन लाभुकों को सर्वाधिक राहत मिलेगी, जिनकी अंगुली की छाप इ-पोस मशीन पर दर्ज नहीं हो पाती थी. खासकर बुजुर्ग, श्रमिक और शारीरिक मेहनतकश लोगों को अब प्रमाणीकरण के लिए बार-बार अंगुली की छाप देने की परेशानी कम होगी. आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से प्रमाणीकरण पूरा हो सकेगा.
24 जिलों में व्यवस्था लागू
ओटीपी प्रमाणीकरण की सुविधा अब झारखंड के सभी 24 जिलों में फिर से चालू कर दी गयी है. इससे राशन वितरण की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी और प्रमाणीकरण में आ रही तकनीकी परेशानियों के कारण लाभुकों को राशन से वंचित होने की स्थिति कम होगी. फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड ने ओटीपी सुविधा बंद होने का मामला लगातार उठाया था. संगठन की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए