साइबर अपराध से बचाव के लिए धनबाद पुलिस ने कसी कमर, पुस्तक का हुआ विमोचन

Updated:
विज्ञापन

साइबर ठगी से बचने के लिए छात्र-छात्राओं को पुलिस ने किया जागरूक

धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को देखते हुए एक व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी. अभियान में पुस्तक विमोचन और एलईडी वाहनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा.

विज्ञापन

साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच धनबाद पुलिस ने आम लोगों को साइबर ठगी से बचाने के लिए सोमवार से व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की. पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के साथ शुरू हुआ यह विशेष अभियान 17 से 21 अगस्त तक चलेगा. अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से लोगों को साइबर अपराध के तौर-तरीकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी.

Image

जागरूकता पुस्तक का हुआ विमोचन

कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से धनबाद पुलिस की ओर से तैयार साइबर सुरक्षा जागरूकता पुस्तक का विमोचन किया. पुस्तक के माध्यम से आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों में भी साइबर सुरक्षा को लेकर समझ विकसित करने का प्रयास किया जाएगा.

Image

इस अवसर पर डीएफओ विकास पालीवाल, रेल एसपी धनबाद मोमल राजपुरोहित, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डालसा सचिव मयंक तुषार टोपनो समेत जिले के डीएसपी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे. विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

दो एलईडी वाहनों को दिखाई हरी झंडी

साइबर सुरक्षा का संदेश जिले के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के लिए एलईडी स्क्रीन से लैस दो प्रचार वाहनों को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूमकर वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर होर्डिंग और फ्लेक्स भी लगाए गए हैं.

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं. वहीं, आइनॉक्स मल्टीप्लेक्स के बड़े स्क्रीन पर अगले एक महीने तक सभी शो के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े वीडियो संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे.

Image

स्कूलों में होगा विशेष साइबर जागरूकता सत्र

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण औजार है. उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा तैयार पुस्तक को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. विद्यालयों में विशेष सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को साइबर अपराध और उससे बचाव के तरीके बताए जाएंगे.

सभी सरकारी विद्यालयों में एक साइबर मित्र नियुक्त करने की दिशा में भी पहल की जाएगी. राज्य शिक्षा विभाग के सहयोग से पुस्तक को राज्य के करीब 35 हजार सरकारी विद्यालयों तक पहुंचाने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि प्रार्थना सभा के दौरान भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके.

35 लाख आबादी तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि अभियान का लक्ष्य धनबाद जिले की करीब 35 लाख आबादी को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना और लोगों को ठगी का शिकार होने से बचाना है. स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रमों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर साइबर ठगी के नए तरीकों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे.

सरकारी विद्यालयों में एक घंटे का विशेष साइबर जागरूकता सत्र होगा. टाटा, एमपीएल और विभिन्न बैंकों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया के जरिये होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क किया जाएगा.

बच्चों ने साझा किए अनुभव, जागरूकता का लिया संकल्प

कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने साइबर अपराध को लेकर अपने विचार और अनुभव साझा किए। बच्चों ने परिवार, दोस्तों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को साइबर अपराध के तरीकों तथा बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक करने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम में कार्मेल स्कूल, डीनोबली स्कूल सीएमआरआई, डीएवी स्कूल कोयला नगर, केंद्रीय विद्यालय, पीके राय कॉलेज, बीएसएस महिला कॉलेज, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, अभय सुंदरी बालिका उच्च विद्यालय, लॉ कॉलेज, राजकमल स्कूल, गुरु नानक कॉलेज, यूपीजी हाई स्कूल, बालिका आवासीय विद्यालय, धनबाद पब्लिक स्कूल और उत्क्रमित उच्च विद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं व शिक्षक उपस्थित रहे.

इसके अलावा अतिथियों ने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए सामूहिक जागरूकता की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की. मंच का संचालन पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने किया.


विज्ञापन
Niraj Ambasta

लेखक के बारे में

By Niraj Ambasta

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola