Dhanbad News: अग्निशमन विभाग ने किया अस्पतालों में फायर सेफ्टी ऑडिट
Published by : OM PRAKASH RAWANI Updated At : 10 Jun 2026 1:58 AM
Dhanbad News: दिल्ली-बिहार में आग की घटनाओं के बाद धनबाद में सतर्कता
Dhanbad News: दिल्ली के एक होटल और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित अस्पताल में आग लगने की घटनाओं के बाद धनबाद में फायर सेफ्टी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. इसके तहत मंगलवार को अग्निशमन विभाग ने धनबाद शहर के कई अस्पतालों में फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाया. इस दौरान अस्पतालों में मौजूद अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की गयी. अग्निशमन पदाधिकारी लक्ष्मण प्रसाद ने विभिन्न अस्पतालों में स्थापित फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्य क्षमता का जायजा लिया. ऑडिट टीम ने फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग, पानी की उपलब्धता तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्था की जांच पड़ताल की.
फायर सेफ्टी पर मॉकड्रिल का निर्देश
इस दौरान देखा गया कि आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपकरण कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से काम कर सकते हैं. अस्पताल प्रबंधन को उपकरणों के नियमित रखरखाव, समय-समय पर मॉक ड्रिल करने तथा कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया.
आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी : लक्ष्मण प्रसाद
अग्निशमन पदाधिकारी लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि अस्पतालों में फायर सेफ्टी व्यवस्था दुरुस्त होना बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन मौजूद रहते हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य अस्पतालों और प्रमुख संस्थानों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया जायेगा. विभाग का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










