साइबर ठगी पर रोक के लिए धनबाद पुलिस ने तेज किया जागरूकता अभियान

Updated:
विज्ञापन

सरायढेला थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान में शामिल पुलिस बल

धनबाद पुलिस ने साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए अपना जागरूकता अभियान तेज कर दिया है. स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को सुरक्षित डिजिटल रहने के तरीके सिखाए जा सकें.

विज्ञापन

साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज कर दिया है. एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर स्कूल, कॉलेज, गांव, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराध के तरीकों की जानकारी देकर ऑनलाइन ठगी से बचाना है.

स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को दी जा रही जानकारी

मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निजी विद्यालयों में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम हुए. विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, केवाइसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताये गये.

एसएसपी ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल और कॉलेजों में नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है. पुलिस अभियान से सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों को भी जोड़ रही है. शांति समिति, जन सहयोग समिति और चैंबर ऑफ कॉमर्स समेत विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर साइबर सुरक्षा का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है.

गांवों में रात्रि चौपाल लगाकर जागरूक कर रही पुलिस


बेलगढ़िया टाउनशिप में रात्रि चौपाल में सिंदरी एसडीपीओ
बेलगढ़िया टाउनशिप में रात्रि चौपाल में सिंदरी एसडीपीओ

ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान को विशेष रूप से चलाया जा रहा है. एसएसपी के निर्देश पर विभिन्न अनुमंडलों में रात्रि चौपाल आयोजित की जा रही है. मनियाडीह थाना क्षेत्र के मछियारा गांव में एसएसपी मुख्यालय-2 और डीएसपी मुख्यालय-1 के नेतृत्व में रात्रि चौपाल हुई. वहीं बलियापुर थाना क्षेत्र की बेलगढ़िया कॉलोनी में सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.

रात्रि चौपाल में लोगों को मुनाफे के लालच में अपना सिम कार्ड, बैंक खाता, एटीएम कार्ड या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को नहीं देने की सलाह दी गयी. संदिग्ध कॉल, लिंक और ऑनलाइन ऑफर से भी सावधान रहने को कहा गया.

दो प्रचार वाहन और सिनेमाघरों में भी संदेश

अभियान को व्यापक बनाने के लिए धनबाद पुलिस ने दो प्रचार वाहन मैदान में उतारे हैं. ये वाहन विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर वीडियो संदेशों के माध्यम से साइबर अपराध के तरीकों और बचाव के उपायों की जानकारी दे रहे हैं.

इसके अलावा आइनॉक्स मल्टीप्लेक्स सहित जिले के अन्य सिनेमाघरों में बड़े पर्दे पर साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किये जा रहे हैं. किसान चौक, रणधीर वर्मा चौक, बैंक मोड़, सरायढेला, स्टील गेट, कोयला भवन गोलंबर, स्टेशन रोड, श्रमिक चौक, मेमको मोड़, बिरसा मुंडा चौक, आइएसएम गेट, पीके राय कॉलेज, हीरापुर बाजार और हटिया मोड़ समेत प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स और फ्लैग्स लगाये गये हैं.

ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील

धनबाद पुलिस ने लोगों से किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी व बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की है. साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर अपराध पोर्टल या स्थानीय पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गयी है.

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना है. अभियान के माध्यम से साइबर ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है.


विज्ञापन
Niraj Ambasta

लेखक के बारे में

By Niraj Ambasta

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola